हिसार। घरों से कूड़े का उठान करने वाली नगर निगम की गाड़ियां अब सेग्रीगेट (सूखा-गीला कचरा अलग करना) किए कूड़े का उठान ही करेंगी। इसे लेकर निगम प्रशासन ने सफाई दरोगाओं को सख्त हिदायत दी गई है। हालांकि इससे पहले सफाई दरोगा लोगों को कूड़ा सेग्रीगेट करने को लेकर जागरूक करेंगे। शुक्रवार को चीफ रामजीलाल ने सफाई शाखा के अधिकारियों व सफाई दरोगाओं के साथ बैठक कर शहर को साफ-सुथरा बनाने को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सफाई दरोगाओं को निर्देश दिए कि वह अपने अपने एरिया में लोगों को सेग्रीगेशन के प्रति जागरूक करें। जागरूक करने के बावजूद यदि कोई व्यक्ति सेग्रीगेट कूड़ा नहीं देता है तो उसके घर से कूड़ा नहीं उठाया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक सफाई दरोगा की ड्यूटी लगाई गई है कि वह अपने एरिया के चाय व जूस वाले की दुकान और रेहड़ी वालों को सिंगल यूज कप या गिलास इस्तेमाल न करने और गीले व सूखे कचरे के लिए अलग अलग डस्टबिन रखने को लेकर प्रोत्साहित करेंगे।
सभी एएसआई व दरोगाओं को अपने घरों में भी करना होगा सेग्रीगेशन
बैठक में कहा गया कि सभी एएसआई व सफाई दरोगा अपने घरों में 100 प्रतिशत सेग्रीगेशन करेंगे। अधिकारी कभी भी दरोगा या एएसआई के घरों का औचक निरीक्षण कर सेग्रीगेशन व कंपोस्टिंग का जायजा ले सकते हैं। अगर सेग्रीगेशन नहीं मिलता है तो उन पर जुर्माना भी लगाया जा सकता है। बैठक में कार्यकारी अधिकारी दीपक गोयल, सीएसआई सुभाष सैनी, सचिव संजय शर्मा, नगर पालिका कर्मचारी यूनियन इकाई हिसार के प्रधान राजेश बागड़ी, एपीओ सतेंद्र यदुवंशी मौजूद रहे।
नगर निगम कार्यालय में सिंगल यूज प्लास्टिक बैन
नगर निगम के मुख्य सभागार में उप निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा की अध्यक्षता में नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक हुई। बैठक में डॉ. प्रदीप हुड्डा ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को पॉलिथीन इस्तेमाल न करने की शपथ दिलाई और सभी को कपड़े के थैले वितरित किए।
उप निगमायुक्त डॉ. प्रदीप हुड्डा ने कहा कि सरकार के आदेशानुसार कोई सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करेगा। कार्यालय की किसी भी शाखा में कोई अधिकारी व कर्मचारी सिंगल यूज प्लास्टिक, चाय कप व अन्य थर्माकोल की चीजों का इस्तेमाल नहीं करेगा। यदि कोई इस्तेमाल करता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और जुर्माना लगाया जाएगा। बैठक में कार्यकारी अधिकारी दीपक गोयल, सचिव संजय शर्मा, सहायक सुरेंद्र वर्मा आदि मौजूद रहे।