हिसार। जिला नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं में सुधार के लिए अब वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी (एसएमओ) प्रतिदिन सुबह और शाम अस्पताल का निरीक्षण करेंगे। इसके लिए प्रधान चिकित्सा अधिकारी कार्यालय की ओर से रोस्टर जारी कर दिया गया है। वहीं वीरवार को पीएमओ डॉ. रीना जैन के औचक निरीक्षण में कई कर्मचारी बिना वर्दी और आई कार्ड के मिले जिन्हें चेतावनी नोटिस जारी किए गए।
जिला नागरिक अस्पताल में कार्यरत सात एसएमओ की ड्यूटी निरीक्षण के लिए लगाई गई है। प्रत्येक दिन एक एसएमओ अस्पताल का दौरा कर सफाई व्यवस्था, शौचालयों की स्थिति, कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति, वर्दी और आई कार्ड की जांच करेंगे। साथ ही मरीजों की सुविधा और भीड़ प्रबंधन का भी निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए जाएंगे और अगली ड्यूटी पर उनका फॉलोअप भी किया जाएगा।
पीएमओ ने किया औचक निरीक्षण
पीएमओ डॉ. रीना जैन ने वीरवार सुबह अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ स्थानों पर सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। कई कर्मचारी बिना वर्दी और आई कार्ड के पाए गए, जिनके खिलाफ चेतावनी नोटिस जारी किए गए। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों में हड़कंप मचा रहा।
सीएमओ ने किया था आपातकालीन विभाग का निरीक्षण
इससे पहले बुधवार शाम सीएमओ डॉ. सपना गहलावत ने आपातकालीन विभाग का निरीक्षण कर शौचालयों की हर घंटे सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने मरीजों को दी जा रही उपचार सेवाओं का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जो कर्मचारी बिना वर्दी और आई कार्ड के मिले, उन्हें चेतावनी नोटिस दिए गए हैं। अब एसएमओ नियमित रूप से अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।
- डॉ. रीना जैन, पीएमओ, जिला नागरिक अस्पताल।