नागरिक अस्पताल परिसर में धरने पर बैठे मृतक के परिजन और भीम आर्मी के सदस्य।
- फोटो : Hisar
हिसार। आदमपुर के जवाहर नगर निवासी 21 वर्षीय शुभम हत्याकांड मामले को लेकर शुक्रवार को भी नागरिक अस्पताल में सीएमओ कार्यालय के बाहर परिजनों और भीम आर्मी का धरना जारी रहा। उनकी दो टूक है कि जब तक परिजनों को 20 लाख रुपये और सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती वे शव नहीं उठाएंगे। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात था। दोपहर बाद तक धरने पर बैठे परिजनों से पुलिस और जिला प्रशासन का कोई अधिकारी मिलने नहीं पहुंचा था। वहीं, मृतक शुभम की बहन की तबीयत भी बिगड़ रही है।
तीन दिन से धरने पर बैठे मृतक की मां ऊषा रानी और अन्य का कहना है कि जिला और पुलिस प्रशासन की तरफ से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। पुलिस की तरफ से विश्वास दिलाया जा रहा है कि दो आरोपियों को पकड़ लिया है लेकिन, अभी तक इस बात कोई पुष्टि नहीं की है। भीम आर्मी के प्रदीप, संतलाल और बजरंग इंदल का कहना है कि तीन दिन से शुभम का शव शवगृह में रखा हुआ है। परिजन न्याय पाने के लिए दर दर की ठोकरे खा रहे है। जिला और पुलिस प्रशासन मूक बना हुआ है। सरकार के कहने और करने में काफी फर्क है। सरकार कहती कुछ है और करती कुछ है। तीन दिन से न्याय पाने के लिए गर्मी के मौसम में धरने पर बैठे है उसके बावजूद भी प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि तब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती उस समय तक शव नहीं उठाएंगे। गौरतलब है कि दो जून को खारा बरवाला में शुभम पर हमला हुआ था। वहीं हिसार के निजी अस्पताल में सात जून को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।