हिसार। जिला नागरिक अस्पताल से शनिवार को पुलिस को चकमा देकर भागे आरोपी अनित का रविवार शाम तक कोई सुराग नहीं लगा। सिटी थाने में उसके खिलाफ केस दर्ज किया गया है। उधर, बरवाला डीएसपी सुमित कुमार ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच पूरी होने के बाद एसपी शशांक कुमार सावन को रिपोर्ट सौंपेंगे।
गांव दौलतपुर निवासी अनित के खिलाफ उकलाना थाने में 22 फरवरी 2017 को घर में घुसकर मारपीट करने, गाली-गलौज और धमकी देने के मामले में केस दर्ज किया गया था और आरोपी इस मामले में फरार था। पीओ स्टाफ टीम हिसार ने उसे रविवार को पकड़कर थाना उकलाना में पुलिस के हवाले किया। थाने के एएसआई फलेल सिंह उसे अदालत में पेश करने हिसार लाए थे। इससे पहले उसे मेडिकल जांच के लिए जिला नागरिक अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान मौके का फायदा उठाकर अनित भाग गया। इस घटना के बाद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया और तुरंत इलाके में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू करवया, लेकिन उसका पता नहीं चला। घटना के दूसरे दिन रविवार को भी पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले, मगर निराशा ही हाथ लगी। पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने बताया कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारी इस मामले की जांच कर रहे हैं। उनकी रिपोर्ट के आधार पर ही आगे कार्रवाई की जाएगी।