हिसार। नहर से युवक का बाइक से बंधा हुआ शव मिलने के मामले में पुलिस ने हत्या की आशंका देखते हुए रविवार को चिकित्सक बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम में शव पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले। साथ ही गर्दन की हड्डी टूटी हुई मिली। मामले के जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है और विसरा जांच के लिए भेज दिए हैं।
रामायण गांव निवासी 20 वर्षीय शिव कुमार शहर के न्यू मॉडल टाउन एक्सटेंशन में अपनी बुआ संतोष देवी के पास रह रहा था। संतोष देवी ने अर्बन एस्टेट थाना पुलिस को 10 जनवरी 2026 को शिकायत दी थी कि उसका भतीजा शिव कुमार 9 जनवरी की शाम 7 बजे मार्केट से कुछ सामान लेने की बात कहकर घर गया था। वह अपना मोबाइल भी घर पर ही छोड़ गया था। वह रात भर नही लौटा तो अगले दिन मामले की शिकायत अर्बन एस्टेट थाने में की थी। पुलिस ने इस संबंध में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज की थी।
एक साल पहले दिलवाई थी बाइक
शिव कुमार के ताऊ दीवान सिंह ने बताया कि मैंने शिव कुमार को एक साल पहले ही बाइक दिलवाई थी और पिछले नवंबर में ही उसका दाखिला राजकीय महाविद्यालय में बीएससी फर्स्ट ईयर में करवाया था। इससे पहले शिव ने नीट और बीवीएससी की परीक्षा दी थी लेकिन वह परीक्षा पास नहीं कर सका। जमीन का भी कोई मामला नहीं था। आधी जमीन तो पहले से ही शिव कुमार के नाम की हुई थी।
सिवानी ब्रांच के बजाय सिवानी फीडर में ढूंढते रहे शव
ताऊ दीवान सिंह ने बताया कि जिस दिन शिव घर छोड़कर गया। उस दिन उसने अपने जानकार के पास सोशल मीडिया मैसेज लिखकर भेजा था कि मैं बाइक सहित सिवानी ब्रांच में कूद रहा हूं। यहां मेरी चप्पल मिलेगी। इसके बाद हम उसने ढूंढने का खूब प्रयास किया लेकिन हम सिवानी ब्रांच के बजाय सिवानी फीडर में ढूंढते रहे। हमने करीब 20-25 किलोमीटर का एरिया खंगाला था लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला था।