फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: माइग्रेशन के लिए छात्राओं का धरना जारी, डीसी ने आज वार्ता के लिए बुलाया

विज्ञापन
हांसी धरने पर बैठे किसान नेता व छात्राएं। संवाद
विज्ञापन
हांसी। नारनौंद क्षेत्र के गांव कागसर स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज की छात्राओं का धरना रविवार को लगातार तीसरे दिन भी विधायक विनोद भयाना के आवास के बाहर जारी रहा। छात्राएं माइग्रेशन लेटर जारी न होने पर विरोध जता रही हैं। उनके समर्थन में किसान और खाप नेता भी धरने में शामिल हैं। नारनौंद के एसडीएम विकास यादव ने छात्राओं के परिजनों और किसान नेताओं को सोमवार दोपहर 1 बजे डीसी राहुल नरवाल के साथ बैठक के लिए बुलाया है। किसान नेताओं का कहना है कि धरने पर ही डीसी से वार्ता होगी, और अगर माइग्रेशन पत्र नहीं मिला तो धरना और बड़ा होगा।
विज्ञापन

शुक्रवार से धरने में बैठीं छात्राओं का कहना है कि उन्हें पढ़ाई छोड़ सड़क पर बैठना पड़ रहा है। अगले महीने उनकी मुख्य परीक्षाएं शुरू होने वाली हैं लेकिन माइग्रेशन पत्र न मिलने के कारण वे किसी अन्य कॉलेज में दाखिला नहीं ले पा रही हैं। छात्राओं ने सामूहिक रूप से निर्णय लिया है कि बिना माइग्रेशन लेटर के वह धरने से घर वापस नहीं जाएंगी चाहे इसके लिए कितनी भी लंबी लड़ाई क्यों न करनी पड़े। उनका दावा है कि सोमवार को जिले भर से छात्र नेता और सामाजिक कार्यकर्ता धरने में शामिल होंगे। छात्रा आंचल व अन्य ने बताया कि उनके परिजनों पास नारनौंद के एसडीएम विकास यादव ने फोन किया है। उन्हें डीसी राहुल नरवाल के साथ बैठक के लिए बुलाया गया है। बातचीत के बाद परिजनों और किसान नेताओं की सहमति से आगामी फैसला लिया जाएगा।
धरने से विधायक आवास का मार्ग बंद
धरने के कारण निरंकारी भवन से हिसार चुंगी रोड होते हुए विधायक के आवास तक जाने वाला मुख्य मार्ग बंद हो गया है। लोगों को आवास तक पहुंचने के लिए गलियों का सहारा लेना पड़ रहा है। पुलिस बल धरना स्थल पर तैनात रहा, जबकि खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ड्यूटी मैजिस्ट्रेट के रूप में मौजूद रहे।
विज्ञापन

विधायक ने दिया था आश्वासन :
करीब ढाई महीने पहले छात्राओं ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए थे और पढ़ाई से इनकार कर आंदोलन शुरू किया था। उस समय विधायक विनोद भयाना ने छात्राओं को माइग्रेशन के लिए आश्वासन दिया था। हालांकि अब तक इसका आधिकारिक पत्र जारी नहीं हुआ जिससे छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें