नारनाैंद के गांव पेटवाड़ में खड़ी एनआईए टीम की गाड़ी।
नारनौंद (हिसार)। चंडीगढ़ बम विस्फोट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) की टीम ने मंगलवार को गांव पेटवाड़ में आरोपी साहिल के घर छापा मारा। एनआईए के डीएसपी ईशान मेहरा के नेतृत्व में पहुंची टीम ने स्थानीय पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगने दी।
टीम में महिला अधिकारियों सहित पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी शामिल रहे। टीम इनोवा गाड़ी व पैरामिलिट्री फोर्स की बस में पेटवाड़ में पहुंची और सीधे साहिल के घर पहुंची। घर में मौजूद उसकी मां से करीब ढाई घंटे तक पूछताछ की और घर में सर्च अभियान भी चलाया। एनआईए द्वारा यह कार्रवाई चंडीगढ़ बम ब्लास्ट से साहिल को जुड़े होने के कारण कार्रवाई की गई। साहिल के तार लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े हुए हैं।
बीते साल 25 नवंबर को चंडीगढ़ बम ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार आरोपी देवा व अजीत सहरावत से पूछताछ में साहिल का नाम सामने आया था। इस दौरान पता चला कि साहिल गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के संपर्क में था। फिलहाल साहिल हत्या के एक मामले में जींद जेल में बंद है। बता दें कि 11 सितंबर 2024 को चंडीगढ़ के सेक्टर 10 में एक घर पर हैंड ग्रेनेड फेंका गया था। बाद में चंडीगढ़ पुलिस ने घटना की जांच की और पाया कि दो व्यक्ति ऑटो-रिक्शा पर आए और उनमें से एक ने हैंड ग्रेनेड फेंका। यह घर हिमाचल प्रदेश के एक संस्थान के सेवानिवृत्त प्रिंसिपल का है।