NARNAUD - farmer protest against deputy speaker Ranbeer Gangwa
- फोटो : Hisar
एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बुधवार को कस्बे में पहुंचे विधानसभा उपाध्यक्ष रणबीर सिंह गंगवा को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। किसानों ने नारेबाजी करते हुए डिप्टी स्पीकर की गाड़ी को घेरने का प्रयास भी किया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उनको वहां से निकाला।
बुधवार को सुबह रणबीर गंगवा नारनौंद के हांसी रोड पर एक शादी समारोह के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। उसी दौरान सड़क से गुजर रहे किसानों ने उनको देख लिया और किसान एकत्रित होना शुरू हो गए तथा उनका पीछा कर कार्यक्रम के पास पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों ने भाजपा सरकार व डिप्टी स्पीकर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसान नेताओं ने कहा कि भाजपा व जजपा के किसी नेता को गांवों में घुसने नहीं देंगे, जब तक सरकार किसानों की जायज मांगों को मान नहीं लेती, तब तक यह सिलसिला जारी रहेगा। जगह-जगह भाजपा व जजपा नेताओं को किसानों के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में सब इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 147, 149, 341, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आर्य नगर गांव में भी हो चुका विरोध
इससे पहले आर्य नगर गांव में भी किसानों द्वारा रणबीर गंगवा का विरोध किया जा चुका है। उस दौरान किसानों ने न केवल उनकी गाड़ी का घेराव किया था, बल्कि गाड़ी पर पथराव भी किया था। उस दौरान उनकी गाड़ी का शीशा टूट गया था और उनके सुरक्षा कर्मी को भी चोट आई थी। इस संबंध में सुरक्षा कर्मी की शिकायत पर पुलिस थाने में केस भी दर्ज किया गया था।
NARNAUD - farmer protest against deputy speaker Ranbeer Gangwa- फोटो : Hisar