ट्रैफिक पुलिस का नागोरी गेट से पारिजात चौक वन वे ट्रायल पूरी तरह से सफल रहा। शहर को पूरा दिन जाम से निजात मिली, मगर वन वे के विरोध में नागोरी गेट से लेकर पारिजात चौक तक रेलवे रोड के दुकानदार इसके विरोध में उतर आए।
उन्होंने अपनी दुकानें बंद कर नागोरी गेट के सामने धरना लगा लिया। करीब 10 मिनट तक उन्होंने रेलवे रोड को जाम भी किया। मगर मौके पर ट्रैफिक पुलिस ने पहुंचकर बातचीत कर जाम खुलवाया।
जब तक ट्रैफिक वन वे चलता रहा दुकानदार धरने पर बैठे रहे। शाम पांच बजे जब वन वे हटा दिया गया तो व्यापारी धरने से उठ गए। दूसरी तरफ राजगुरु मार्केट के दुकानदार भी नागोरी गेट पर पहुंच गए।
उन्हें सूचना मिली की मार्केट में आने वाले ग्राहकों को वन वे के जरिए सीधे पारिजात चौक की तरफ निकाला जा रहा है। हालांकि मार्केट के व्यापारियों ने भी डीएसपी ट्रैफिक से बातचीत कर थोड़ी नरमी बरते जाने के लिए गुहार लगाई।
व्यापारियों के विरोध की सूचना पर पूरा दिन बीजेपी के जिला महामंत्री सुजीत कुमार सहित कई जिला स्तर के नेता व्यापारियों को मनाने में लगे रहे।
सुबह 8 से शाम पांच बजे तक चला वन वे ट्रायल
ट्रैफिक पुलिस ने सुबह आठ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक वन वे का ट्रायल जारी रखा। डीएसपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि यह ट्रायल एक दिन का था।
इसकी रिपोर्ट तैयार कर प्रशासनिक अधिकारियों को सौंप दी है। अब प्रशासन को फैसला लेना है कि इसे लागू किया जाएगा या नहीं।
मिस अंडरस्टैंडिंग हो गई थी। हमने मौके पर जाकर देखा कोई गाड़ियां नहीं रोकी जा रही थी। हालांकि वन वे के चलते गाड़ियां टकराने का डर था।
अभी लोगों को पता नहीं था कहां से वाहन आ जा रहे हैं। हम प्रशासन व व्यापारियों के साथ हैं। जो उचित व्यवस्था रहेगी वैसे ही लागू होनी चाहिए।
- सदानंद कामरा, प्रधान राजगुरु मार्केट
वन वे सही नहीं बना। इससे 200 से अधिक दुकानदारों का रोजगार पूरी तरह ठप हो जाएगा। पारिजात चौक व बस स्टैंड पर उतरकर ग्राहक हमारे यहां सामान खरीदने नहीं आएंगे।
न ही प्रशासन ने ऐसा करने से पहले व्यापारियों की राय ली। प्रशासन ऐसा करेंगे तो हम पूरे शहर को जाम कर देंगे।
- घनश्याम गोयल, प्रधान रेलवे रोड मार्केट।
यूं चला घटनाक्रम
- सुबह आठ बजे ट्रैफिक पुलिस ने वन वे कर दिया।
- करीब दस बजे सुरेंद्र लाहोरिया ने विरोध शुरू कर दिया।
- व्यापारियों ने विरोध स्वरूप दस मिनट तक मेन रोड जाम कर दिया।
- जाम लगते ही मौके पर ट्रैफिक डीएसपी पहुंचे उन्होंने जाम खुलवाया।
- करीब 11 बजे डीएसपी ने लाहोरिया साड़ीज में बैठकर उनके साथ बैठक की।
- मौके पर बीजेपी जिला मंत्री सुजीत कुमार पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों व पुलिस के बीच मध्यस्थता की।
- करीब सवा 12 बजे रेलवे रोड सहित नागोरी गेट से लेकर पारिजात चौक के दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दी और धरने पर बैठ गए।
- इसके बाद पूरा दिन व्यापारियों व पुलिस की बातचीत चलती रही। उधर धरना भी चलता रहा।
- शाम पांच बजे ट्रायल खत्म हो गया और उधर से व्यापारियों ने धरना उठा लिया।
हम ट्रायल रिपोर्ट एसपी साहब व जिला प्रशासन को सौंपेंगे। विधायक जी से भी बात हो गई। पूरी रिपोर्ट व मंथन के साथ लोगों का रिस्पांस भी देखा जाएगा।
व्यापारियों के सुझावों पर भी ध्यान दिया जाएगा। बीच से फुटपाथ भी हटाने होंगे। प्रशासन व व्यापारी मिलजुलकर समाधान निकालेंगे। अब रिपोर्ट पर प्रशासन अंतिम फैसला लेगा। उसी फैसले के आधार पर व्यवस्था लागू की जाएगी।
- जितेंद्र कुमार, डीएसपी ट्रैफिक हिसार
मैंने व्यापारियों से बातचीत की है। सीपीएस डॉ. कमल गुप्ता से बातचीत हो गई है। रात को सीपीएस साहब पहुंच जाएंगे। वीरवार को व्यापारियों को डॉ. कमल गुप्ता से मिलवा देंगे।
समस्या का समाधान कराया जाएगा। व्यापारी अपनी समस्याओं की रिपोर्ट देंगे। ट्रैफिक पुलिस अपनी रिपोर्ट देगी। मैं अपनी रिपोर्ट दूंगा। इसके बाद मिलाकर फैसला लिया जाएगा।
- सुजीत कुमार, जिला महामंत्री भाजपा