हिसार। ऑटो मार्केट फेज-3 में बुधवार को अतिक्रमण हटाने गई नगर निगम की टीम से दुकानदार उलझ गए। काफी देर तक दुकानदारों ने टीम के साथ बहस की और विरोध जताया, लेकिन निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रही।
साढ़े चार घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान टीम ने पांच वाहन जब्त करने के अलावा 10 दुकानों के आगे से शेड व तीन कमरों को गिरा दिया गया। साथ ही व्यापारियों की दुकानों पर नोटिस चस्पा दिए गए, लेकिन दुकानदारों ने अपना विरोध जारी रखा। वहीं टीम की ओर से दुकानदारों को अब शनिवार दोपहर तक अतिक्रमण हटाने के लिए समय दिया है।
सुबह साढ़े 11 बजे ऑटो मार्केट फेज-3 में अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम की टीम जेसीबी, क्रेन, ट्रैक्टर-ट्रॉली व कर्मचारियों के साथ पहुंची तो दुकानदार एकत्रित हो गए और विरोध जताना शुरू कर दिया। दुकानदारों ने विरोध जताते हुए कहा कि मार्केट में किसी प्रकार की कोई मूलभूत सुविधा नहीं है। उन्हें बेवजह परेशान किया जा रहा है। दुकानदारों का कहना है कि सड़क गड्ढों में तबदील हो चुकी है। यहां पीने के पानी की व्यवस्था तक नहीं है। इसकी ओर किसी का ध्यान तक नहीं है।
निगमायुक्त से मिलने कार्यालय पहुंचे दुकानदार
दुकानदार निगमायुक्त अशोक गर्ग से मिलने के लिए कार्यालय पहुंचे। इस दौरान निगमायुक्त ने दुकानदारों को कहा कि अतिक्रमण हटाने को लेकर टीम की ओर से कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। व्यापारी सड़क, फुटपाथ व खाली प्लॉटों में कब्जा न करें और अतिक्रमण हटाने में टीम का सहयोग करें। उन्होंने खोखे लगाकर बैठे मिस्त्री आदि को फुटपाथ व सड़क पर कब्जा न करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों को सुविधा मुहैया करवाने के लिए नगर निगम की टीम अतिक्रमण हटा रही है।
कार्रवाई जारी रहेगी
सुबह साढ़े 11 बजे अतिक्रमण हटाने के लिए नगर निगम की टीम ने कार्रवाई शुरू की थी। साढ़े चार घंटे तक निगम की कार्रवाई चली। इस दौरान पुराना ट्रक, हाईवा की बॉडी, पिकअप, टाटा एस व ऑटो आदि जब्त किए हैं। फुटपाथ पर बने तीन कमरे गिराए गए और 10 दुकानों के आगे के शेड हटाने की कार्रवाई की गई। अतिक्रमण हटाने को लेकर टीम की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। व्यापारियों ने टीम का सहयोग करने का आश्वासन दिया है कि स्वयं सामान हटाना शुरू कर दिया है, लेकिन निगम टीम नियमित रूप से मौका निरीक्षण करेंगी और कार्रवाई करेगी।
- जयवीर सिंह डूडी, एक्सईएन, नगर निगम।
नगर निगम टीम में ये रहे शामिल : नगर निगम एक्सईएन जयवीर सिंह डूडी, एमई प्रवीण गंगवानी, तहबाजारी इंचार्ज सुरेंद्र वर्मा, महावीर, धर्मबीर, जितेंद्र आदि कर्मचारी मौजूद रहे।
शौचालय में रखा कबाड़, खुले में शौच जाने को मजबूर
ऑटो मार्केट फेज-3 में दो शौचालय बने हुए हैं, मगर शौचालय पर ताला लटका हुआ है। बताया जा रहा है कि इन शौचालयों में दुकानदारों ने कबाड़ रखा हुआ है। ऐसे में अन्य दुकानदार खुले में शौच करने को मजबूर हैं। दुकानदारों का कहना है कि इन शौचालयों को खाली करवाया जाए, ताकि उन्हें शौच के लिए खुले में न जाना पड़े।
ऑटो मार्केट फेज-3 में अतिक्रमण अभियान के दौरान मशीन से उठवाया सामान।- फोटो : Hisar