हिसार। जिले के राजकीय विद्यालयों में शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परीक्षा पर चर्चा का कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विद्यार्थियों को दिखाया गया। लाइव प्रसारण के दौरान कई खामियां देखने को मिली। कई स्कूलों में एजुसेट खराब मिले तो कुछ स्कूलों में बिजली के पुख्ता बंदोबस्त न होने से कंप्यूटर व स्मार्ट क्लास में लगी एलईडी चालू नहीं हो पाई। ऐसे में विद्यार्थियों ने मोबाइल पर ही परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का प्रसारण दिखा। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों ने कहा कि अब उन्हें परीक्षा को कोई डर नहीं है।
हालांकि शिक्षा विभाग का कहना है कि कुछेक सरकारी स्कूलों में ऐसी समस्याएं आई हैं बाकी अधिकतर स्कूलों में सुनियोजित तरीके से परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का प्रसारण हुआ है। बता दें कि करीब 10 साल पहले सरकारी स्कूलों में एजुसेट लगाए गए थे, जिनमें से अधिकतर एजुसेट फिलहाल खराब पड़े हुए हैं। वहीं काफी स्कूलों में अब स्मार्ट क्लास रूम बन गए हैं। वहीं बहुत सारे स्कूल ऐसे हैं जिनमें से तमाम सुविधाएं नहीं है।
विद्यार्थी काव्या, अंजु, विष्णु, मुस्कान, स्नेहा, पंकज, रिना, अंकिता, माही, दीपिका, प्रियंका, पिंकी, अंतिम ने बताया कि परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम को सुनकर उनके अंदर परीक्षा का डर बिल्कुल खत्म हो गया है। विद्यार्थियों ने यह भी विश्वास दिलवाया कि परीक्षाओं में उनके अच्छे नंबर भी आएंगे। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से हमें प्रेरणा मिली है कि तनाव में नहीं रहना है। पढ़ाई के साथ कुछ वक्त खुद के लिए भी निकालता है।
परीक्षा पर चर्चा कार्यक्रम का स्कूलों में भी प्रसारण किया गया। बोर्ड कक्षाओं के विद्यार्थियों को यह कार्यक्रम दिखाया गया। स्कूलों में मौजूद विभिन्न प्रकार की तकनीकी सुविधाओं से कार्यक्रम दिखाया गया है। - कुलदीप सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी हिसार