हिसार। नगर निगम ने शहर में जगह-जगह होने वाले जलभराव की समस्या का समाधान करने की दिशा में कदम उठाया है। इसके लिए निगम प्रशासन ने अधिकारियों की एक तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी जलभराव वाली जगहों को चिह्नित कर रिपोर्ट तैयार करेगी। 21 जनवरी तक कमेटी को अपनी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को सौंपनी है।
नगर निगम में पिछले दिनाें शहर में जलभराव की समस्या के संबंध में अधिकारियों ने एक बैठक की थी। इस बैठक में उच्चाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश सरकार ने जलनिकासी संंबंधी परियोजनाओं के लिए विशेष बजट का प्रावधान किया हुआ है। चूंकि शहर में भी जलभराव की समस्या रहती है तो इसके लिए एक परियोजना तैयार की जाए और प्रदेश सरकार से बजट की मांग की जाए। इस पर बैठक में ही अधिकारियों की तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया। इस कमेटी में एक एमई और दो जेई को शामिल किया गया। इस कमेटी को निर्देश दिए गए कि वे शहर में जहां-जहां भी जलभराव होता है, उन जगहों को चिह्नित कर एक रिपोर्ट तैयार करें।
कमेटी की रिपोर्ट के बाद तैयार की जाएगी विस्तृत कार्य योजना
कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद विस्तृत कार्य योजना तैयार (डीपीआर) करने के लिए एक सलाहकार की तैनाती की जाएगी। सलाहकार इस कार्य योजना में बताएगा कि इस जलभराव की समस्या का कैसे समाधान किया जाए। उदाहरण के लिए इसके लिए नए बरसाती नालों व डिस्पोजल का निर्माण करना होगा। पुराने डिस्पोजल की क्षमता बढ़ानी होगी। इस डीपीआर को मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा और मुख्यालय से बजट की मांग की जाएगी।
सेक्टर 13 की जलनिकासी व्यवस्था की जाएगी दुरुस्त
निगम सेक्टर 13 की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करेगा। निगम के अनुसार सेक्टर में बरसाती नालों को काफी जगह सीवर लाइन से जोड़ रखा है। इस वजह से सेक्टर में कई जगहों पर जलभराव की समस्या आती है। इस कार्य के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है। जल्द ही यह कार्य करवाया जाएगा। इसके अलावा निगम प्रशासन वार्ड 10 के सूर्य नगर व शिव कॉलोनी में बरसाती नाले के निर्माण की योजना तैयार करेगा। स्थानीय विधायक की मांग पर निगम इस कार्य को करवाएगा। पिछले दिनों निगम के आला अधिकारियों ने इन दोनों कॉलोनियों का निरीक्षण भी किया था।
एक तीन सदस्यीय कमेटी गठित की है जो शहर में जलभराव वाले प्वाइंटों का पता लगाएगी। 21 जनवरी को कमेटी को अपनी रिपोर्ट देनी है। इस रिपोर्ट के मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- बीके करदम, चीफ इंजीनियर, नगर निगम।