मंगलवार को अतिक्रमण हटाने पहुंचे निगम के दस्ते ने फ्लैक्स बोर्ड जब्त कर अपनी ड्यूटी पूरी की। कीमती सामान को उठाने से परहेज करते हुए दुकानदारों के सामने गिड़गिड़ाने के अंदाज में बोर्ड लेकर करीब दो घंटे में औपचारिकता अदा की।
नगर निगम का दस्ता मंगलवार को पारिजात चौक से लेकर नागोरी गेट के आसपास एरिया में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया।
तहबाजारी इंचार्ज महेंद्र सैनी की अध्यक्षता में निगम के करीब दस से 12 कर्मचारी ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर पहुंचे थे। पारिजात चौक से नागोरी गेट के बीच वन वे किए गए रोड पर दुकानों के सामने काफी सामान रखा गया था।
जिसमें दुकानदारों ने फ्रिज, वाशिंग मशीन, कूलर, हीटर, सूटकेश, बिजली फीटिंग के सामान सहित अन्य सामान रखकर अतिक्रमण किया हुआ था। निगम के दस्ते ने दुकानदारों को सामान अंदर रखने के लिए कहा।
दुकानदारों ने अनमने ढंग से सामान को थोड़ा सा अंदर किया। निगम के कर्मचारियों ने महंगे सामान को हाथ लगाने की बजाए दुकानों के बाहर रखे फ्लैक्स बोर्ड कब्जे में लेकर अपनी ड्यूटी की औपचारिकता निभाई।
इन फ्लैक्स को उठाने के लिए भी निगम कर्मचारी गिडगिड़ाने के अंदाज में दिख रहे थे। अतिक्रमण हटाओ दस्ते के 200 मीटर आगे जाते ही दुकानदारों ने दोबारा से अपना सामान उसी स्थान पर सजा लिया।
दुकानों के बाहर फुटपाथ को कब्जा कर वहां पार्किंग बना ली। निगम के कर्मचारियों की टीम ने करीब दो घंटे तक अभियान चलाया।
जिसमें नागोरी गेट से पारिजात चौक, बस अडडा, रेलवे रोड, आर्यसमाज मार्केट के आसपास के एरिया में औपचारिकता पूरी की। नगर निगम की ओर से पिछले लंबे समय से इसी अंदाज में अतिक्रमण हटाया जाता है।