माई सिटी रिपोर्टर
हिसार। आदेश की अवहेलना करने पर निगमायुक्त नीरज ने शुक्रवार को निगम के जेई संदीप को निलंबित कर दिया। दरअसल हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की एक पॉलिसी है कि खाली पड़ी जगह का इस्तेमाल खेलकूद गतिविधियों के लिए किया जा सकता है। इसी पॉलिसी के तहत सेक्टर 16-17 की रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी निगमायुक्त नीरज से मिले थे।
इस दौरान उन्होंने सेक्टर की एक खाली पड़ी जगह पर वाॅलीबाल ग्राउंड बनाने की मांग की थी। इस पर निगमायुक्त ने संंबंधित जेई को इस बारे में आदेश दिए थे। बावजूद इसके जेई ने निगमायुक्त के आदेश को नहीं माना।
17 सितंबर को निगमायुक्त जब वार्ड का निरीक्षण करते हुए वहां पहुंचे तो मौके पर वालीबाल ग्राउंड नहीं मिला और वहां कचरे का ढेर लगा हुआ था। यह देखकर निगमायुक्त भड़क गए और उन्होंने तुरंत जेई को निलंबित करने के आदेश दे दिए।