हांसी। शहर की जगदीश कॉलोनी में शनिवार देर रात चोरी की नीयत से तीन युवक एक घर में घुस गए और कमरे खंगालने लगे। इस दौरान एक आरोपी जब कूलर के आगे खड़ा हुआ तो हवा न लगने पर सो रहा गुरमीत सैनी की नींद खुल गई। इस पर उसने शोर मचाया तो आरोपी ने तेजधार से हमला कर दिया। इस दौरान उसकी मां उसे बचाने आई तो उस पर भी वार दिया। घायल होने पर भी गुरमीत ने चोर को नहीं छोड़ा। यह देख उसके दो साथी नकदी व सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। बाद में घायल महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं चोर को पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में गुरमीत सैनी ने बताया कि वह दूध का काम करता है। शनिवार रात वह अपने घर के आंगन में कूलर चला कर सो रहा था और उसकी मां दरवाजे के नजदीक आंगन में ही सो रही थी। गुरमीत ने बताया कि चोरों ने पड़ोसियों की छत के रास्ते से घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखी 38 हजार रुपये की नकदी व सोने चांदी के आभूषण चुरा लिए। चोरी की वारदात के दौरान एक चोर उनके घर की छत और एक आंगन में खड़ा हुआ था, जबकि एक चोर कमरे में सामान खंगाल रहा था। रात करीब ढाई बजे एक चोर कूलर के सामने खड़ा हो गया। कूलर की हवा रुक जाने से उसकी नींद खुल गई। उसने सोचा कि उसकी मां है। जब उसने मां को आवाज लगाई तो पास खड़े चोर ने उस पर हमला कर दिया। इस पर उसकी मां बचाने के लिए चोर के साथ भीड़ गई और चोर को पकड़ लिया। इस दौरान घर के अंदर चोरी कर रहे दूसरे चोर ने उस पर व उसकी मां पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मगर उन्होंने पकड़े गए आरोपी को नहीं छोड़ा। यह देख अन्य आरोपी भाग गए। चोर घर से 38 हजार रुपये, सोने की अंगूठी, सोने की कानों की बाली, सोने की तबीजी, चांदी की पाजेब व उसकी मां के आभूषण और बेड पर रखा पस ले गए। गुरमीत ने बताया कि उसे 18 अगस्त को अपने ट्रैक्टर की किस्त जमा करवानी थी, इसलिए 38 हजार रुपये घर रखे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।