बिश्नोई मंदिर मार्केट में खुली हुई इलेक्ट्रिकल की दुकान।
- फोटो : Hisar
लॉकडाउन 2.0 की छूट का शहर के कुछ व्यापारी गैर जरूरी चीजों की दुकानें खोलकर लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे हैं। कोरोना के चलते 20 अप्रैल से सरकार ने कुछ प्रतिष्ठानों को सशर्त खोलने की अनुमति दी थी, जिसका नाजायज फायदा कुछ व्यापारी उठा रहे हैं। मंगलवार को शहर के विभिन्न हिस्सों में कई गैर जरूरी वस्तुओं की दुकानें खुली मिलीं।
शहर में मंगलवार को बिश्नोई मंदिर मार्केट और गुरु जंभेश्वर मार्केट में इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानें खुली मिलीं तो वहीं पुष्पा कॉम्प्लेक्स में एक मोबाइल की दुकानें खुली मिलीं। शहर में कई जगहों पर बुक डिपो भी खुले थे।
मोबाइल शॉप खुलने की सूचना पर एसपी ने लिया संज्ञान
मंगलवार को पुष्पा कॉम्प्लेक्स में मोबाइल फोन की शॉप खुलने की शिकायत किसी ने पुलिस अधीक्षक को कर दी। इस पर एसपी ने अर्बन एस्टेट चौकी से एसएचओ को जांच के लिए भेजा। एसएचओ के पहुंचने से पहले ही दुकानदार अपनी दुकानें बंद करके जा चुका था।
बुक डिपो, एसी-कूलर की बिक्री, मरम्मत की दुकानों की छूट वापस : उपायुक्त
लॉकडाउन में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा 20 अप्रैल से बुक डिपो, एयर कंडीशनर, कूलर-पंखों की बिक्री व मरम्मत करने वाली दुकानों को खोलने के लिए दी गई छूट को वापस ले लिया गया है। अब ये दुकानें लॉकडाउन के नियमों का पालन करते हुए बंद रखी जाएंगी। उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने बताया कि लॉकडाउन में कुछ आवश्यक व अनिवार्य सेवाएं प्रदान करने वाले प्रतिष्ठानों को 20 अप्रैल से सशर्त आंशिक छूट देने की घोषणा केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत दी गई थी। अब इन दुकानों को अगले आदेशों तक लॉकडाउन के कारण बंद अन्य प्रतिष्ठानों की भांति बंद रखने के आदेश दिए जाते हैं। इन आदेशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।