प्रेसवार्ता करते उकलाना हलके से कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल।
हिसार। उकलाना हलके के कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि कि भूना-उकलाना मार्ग पर रेलवे अंडर ब्रिज (आरयूबी) की मांग को नजरअंदाज कर सरकार ने जनता के साथ धोखा किया है। आरयूबी के बजाय लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) बनाने का निर्णय क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप नहीं है।
रविवार को अपने आवास पर पत्रकारों से बातचीत में विधायक ने कहा कि पिछले 86 दिनों से स्थानीय लोग इस मांग के समर्थन में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। भाजपा नेताओं ने उन्हें यह कहकर गुमराह किया कि मुख्यमंत्री ने आरयूबी की घोषणा कर दी है। हाल ही में जारी पत्र में बताया गया कि वहां आरयूबी नहीं बल्कि एलएचएस बनाया जाएगा।
सेलवाल ने कहा कि एलएचएस सीमित ऊंचाई वाला मार्ग होता है जिससे बड़े वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। इससे किसानों, व्यापारियों और आम जनता को भारी असुविधा होगी। उन्होंने रेलवे अंडरपास (आरयूबी) बनाने की तत्काल मांग की और मुख्यमंत्री व केंद्रीय रेल मंत्री को पत्र भेजकर पुनर्विचार की अपील की।
आरोप- बायोमेट्रिक से किसानों को किया जा रहा परेशान
विधायक ने गेहूं खरीद व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। बायोमेट्रिक प्रक्रिया में किसानों को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है, जिससे मंडियों में अनाज का ढेर लग गया है। सेलवाल ने कहा कि प्रदेश में धान घोटाला, श्रम घोटाला और बैंक घोटाले सामने आ रहे हैं। एक घोटाले के तार उकलाना क्षेत्र से भी जुड़े हो सकते हैं। पूर्व श्रम मंत्री अनूप धानक और अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच के बाद सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।