हिसार। हरियाणा विधानसभा की सब्जेक्ट कमेटी की बुधवार को चंडीगढ़ में हुई महत्वपूर्ण बैठक में कमेटी के सदस्य उकलाना विधायक नरेश सेलवाल ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के मुख्यालय को हिसार से गुरुग्राम स्थानांतरित करने के प्रस्ताव पर अपनी कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। मुख्यालय को हिसार में ही रखने के पक्ष में जोरदार पैरवी की।
विधायक सेलवाल ने कहा, हिसार डीएचबीवीएन का मुख्यालय है और इसे यहीं रहना चाहिए। यदि गुरुग्राम के लिए नए मुख्यालय की आवश्यकता महसूस होती है तो एक अलग जोन बनाकर नया मुख्यालय बनाया जा सकता है। हिसार का मुख्यालय किसी भी कीमत पर स्थानांतरित नहीं होना चाहिए। हिसार में मुख्यालय का होना न केवल स्थानीय निवासियों के लिए सुविधाजनक है, बल्कि यह क्षेत्र के आर्थिक और प्रशासनिक महत्व को भी दर्शाता है। मुख्यालय के स्थानांतरण से हिसार के लोगों को अनावश्यक परेशानी होगी। प्रशासनिक कामकाज भी प्रभावित होगा।
विधायक ने बिजली विभाग से जुड़ी कुछ अन्य महत्वपूर्ण और जनहितैषी मांगें भी रखीं, जिसमें उकलाना बिजली डिवीजन का स्थानांतरण की मांग रखी। उन्होंने कहा कि उकलाना बिजली विभाग डिवीजन को वर्तमान में टोहाना एक्सईएन के अधीन से हटाकर हिसार जिले में शामिल किया जाए। उकलाना का हिसार जिले में शामिल होना प्रशासनिक दक्षता और स्थानीय समन्वय के लिए अधिक उपयुक्त होगा। विधायक ने बरवाला में बिजली विभाग के लिए एक नए एक्सईएन पद के सृजन किया जाए। लितानी फीडर को वर्तमान वाया सुरेवाला मार्ग से हटाकर सीधे वाया बुढ़ाखेड़ा प्रभुवाला रोड से लितानी से जोड़ने का प्रस्ताव रखा।