हिसार। जिले के पास एक गांव से लापता नाबालिग को पुलिस ने सिरसा से बरामद कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग को लीगल एड काउंसलर के सामने पेश किया। नाबालिग की की मानें तो एक जानकार लड़के ने उसे रेलवे स्टेशन बुलाया था। मगर वह स्टेशन पर नहीं मिला तो वह परिवार वालों के डर से ट्रेन में बैठकर सिरसा चली गई।
लीगल एड काउंसलर के सामने नाबालिग ने बताया कि वह उमरा निवासी निक्की को एक साल से जानती है। वह पहले भी निक्की के साथ घर से बिना बताए चली गई थी। इस संबंध में उसके माता-पिता ने मुकदमा दर्ज करवा दिया था। निक्की पहले दर्ज करवाए हुए मुकदमा में जमानत पर बाहर आया हुआ था। जेल से बाहर आने के बाद निक्की ने उससे उसके घर के फोन पर बातचीत करनी शुरू कर दी। कुछ दिन बाद निक्की ने उसे मंगाली नहर के पास बुला लिया और एक सफेद रंग की गाडी में उसे अपने घर उमरा ले गया।
निक्की के घर पर कोई मौजूद नहीं था। इस दौरान निक्की ने उसके साथ गलत काम किया और कुछ देर बाद वह उसे मंगाली नहर के पास छोड़ कर चला गया। कुछ दिन बाद निक्की ने उसे हिसार रेलवे स्टेशन आने को कहा। वह दोबारा घर से बिना बताए रेलवे स्टेशन चली गई। मगर वहां निक्की नहीं मिला। इस पर वह डर के कारण रेलवे स्टेशन से बिना टिकट लिए सिरसा चली गई।