हिसार। जन परिवाद समिति की बैठक में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के कामकाज को लेकर सहकारिता मंत्री अरविंद शर्मा ने अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी। उन्होंने संपदा अधिकारी से विभाग में लंबे समय से जमे अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची बना कर दो जो अनुशासन बिगाड़ रहे हैं। इन पर सभी विधायकों को साइन कराओ। कई को विधायकों का संरक्षण मिला हुआ होगा।
इस पर नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि मंत्रीजी पूरे जिले में मेरी सिफारिश वाला कोई मिल जाए तो बताना। मैं किसी भ्रष्ट अधिकारी को देखकर खुश नहीं होता। मेरा कोई रजिस्ट्री क्लर्क मिल जाए तो बता देना। बैठक में कुल 13 शिकायतें रखी गईं जिनमें से 11 का समाधान किया गया।
इस दौरान एचएसवीपी की कार्यप्रणाली, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों को दवा नहीं मिलने और कथित 12 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी सहित कई मामलों पर चर्चा हुई। धोखाधड़ी और पुलिस शिकायतों पर भी निर्देश : आदमपुर निवासी सुरेश कुमार की करीब 12 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी संबंधी शिकायत पर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी विदेश में है और उसके खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करवाया गया है। मंत्री ने एक महीने के भीतर ठोस कार्रवाई कर शिकायतकर्ता की रकम वापस दिलाने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए। भगाणा निवासी सुनील कुमार की फसल बीमा प्रीमियम बिना सूचना काटने की शिकायत पर मंत्री ने बैंक अधिकारियों को किसानों की सहमति लेने की हिदायत दी। गांव बधावड़ के लोगों की बरवाला थाना पुलिस और मेडिकल स्टाफ के खिलाफ शिकायत पर जांच कमेटी गठित करने के आदेश दिए गए। बैठक में नलवा विधायक रणधीर पनिहार, समिति सदस्य प्रो. केएल रिणवा, रणधीर सिंह धीरू मौजूद रहे।