हिसार। नई अनाज मंडी में शुक्रवार को 40 क्विंटल बाजरा पहुंचा। मगर मेरी फसल, मेरा ब्योरा पोर्टल में तकनीकी खराबी आने के कारण सरकारी खरीद नहीं हो पाई। हालांकि पोर्टल में आई खराबी का मामला मार्केट कमेटी के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।
अभी एक से दो दिन में पोर्टल ठीक होने की बात कही जा रही है। मार्केट कमेटी के मंडी सुपरवाइजर अशोक सिंगल का कहना है कि शुक्रवार को तीन गेट पास कटे हैं। मगर खरीद नहीं हो पाई है। वहीं, बाजरा के लिए गोदाम में डेढ़ लाख बारदाना उपलब्ध है।
-
शेड के नीचे खड़ीं गाड़ियां, आढ़तियों ने सामान रख किया कब्जा
नई अनाज मंडी में फसल रखने के लिए छह शेड बने हुए हैं। मगर इन शेड के नीचे कई गाड़ियां खड़ी की हुई हैं। वहीं, आढ़तियों ने भी सामान रख कब्जा किया हुआ है। यदि फसल की आवक ज्यादा होती है तो किसानों को परेशानी उठानी पड़ेगी। मंडी में बने शौचालय में सफाई नहीं होने के कारण आढ़तियों से लेकर किसानों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
-
लाइट जाने पर नहीं चलता जनरेटर, सामान चोरी होने का डर
आढ़तियों का कहना है कि लाइट जाने के बाद जनरेटर नहीं चलता है। ऐसे में शेड के नीचे से सामान चोरी होने का डर बना रहता है। जबकि जनरेटर की सुविधा है। मगर जब भी लाइन जाती है तो मंडी में अंधेरा छा जाता है। इस समस्या को मार्केट कमेटी के अधिकारियों को भी बताया गया था, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं, मंडी में बेसहारा और बंदरों की समस्या भी बढ़ती जा रही है।
मंडी में शेड के नीचे कई गाड़ियां खड़ी हैं जोकि गलत है। ऐसे में मंडी में आने वाले किसानों के लिए शेड खाली होने चाहिए। शौचालय की सफाई करवाई जाएं। आज भी मंडी में मूलभूत सुविधाओं की कमी है। ऐसे में इन पर ध्यान देने की जरूरत है।
- जगदीश जैन, आढ़ती।
हिसार की नई अनाज मंडी बड़ी है। ऐसे में किसानों और आढ़तियों की सुविधाओं पर ध्यान देना चाहिए। मंडी में पशुओं की समस्या बढ़ती जा रही है। हादसे होने का डर रहता है। ऐसे में नियमित अभियान चलाकर पशुओं को पकड़ा जाए।
- रोशनलाल, आढ़ती
अभी तक समस्या को लेकर मेरे पास कोई शिकायत नहीं आई है। यदि मंडी में कोई समस्या है तो उसका समाधान कराया जाएगा। पोर्टल में आई खराबी भी जल्द दुरुस्त होगी। मंडी में आने वाले किसानों को कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी।
- भरत सिंह, सेक्रेटरी, मार्केट कमेटी, हिसार।