दीपोत्सव पर धनतेरस के लिए बाजार सज गए हैं। ऑटोमोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रानिक सामान, बर्तन व कपड़ों सहित अन्य सामानों से दुकानदारों ने अपनी दुकानों को सजा दिया है।
धनतेरस पर सोमवार को व्यापारियों द्वारा करीब 50 करोड़ का कारोबार होने की संभावना जताई गई है। हालांकि पिछली बार की अपेक्षा इस बार बाजार में मंदी है, इसलिए ऐसी स्थिति है।
लोग बाजार पहुंचकर अपने बजट के अनुसार वस्तुओं की खरीदारी करेंगे।
शहर के मुख्य बाजार राजगुरु मार्केट, नागोरी गेट बाजार, पूजा मार्केट, सुभाष मार्केट, बिश्नोई मंदिर मार्केट, पालिका बाजार, डीसी-एमसी कॉलोनी बाजार, पटेल नगर आदि बाजार ग्राहकों के लिए तैयार हैं।
बर्तनों व ज्वैलरी शॉप पर विशेष नजर
ग्राहकों की विशेष नजर बर्तनों की दुकानों पर रहेगी। त्योहार पर कुछ नया खरीदने की परंपरा निभाने के लिए ज्यादातर मिडिल क्लास ग्राहक बर्तन खरीदने पर ही ज्यादा ध्यान देते हैं जबकि हाई क्लास ग्राहक ज्वैलरी खरीदते हैं।
दुकानदारों और ज्वैलर्स ने ग्राहकों के इंतजार में अपनी दुकानें सजा दी है। लोग अपनी जरूरत व बजट के अनुसार खरीदारी करेंगे। बर्तनों व ज्वैलरी दोनों का करीब 20 करोड़ का कारोबार होने की उम्मीद जताई गई है।
रेडिमेड से लेकर सजावटी सामान की भी मांग
बाजार में धनतेरस के साथ-साथ दीपावली की भी शॉपिंग चलेगी। इसलिए लोग रेडीमेड कपड़ों से लेकर सजावटी सामान तक की मांग कर रहे हैं।
रेडिमेड गारमेंटस का कारोबार करीब दस करोड़ रुपये का होगा। रेडिमेड कपड़ों के शोरूम, मोबाइल शॉप से लेकर फर्नीचर की दुकानों में भी नए-नए डिजाइन का सामान उपलब्ध करवाया जा रहा है।
लोग घरों को सजाने के लिए मिट्टी के दीपकों, रंगोली, मां लक्ष्मी एवं भगवान गणेश की प्रतिमा, रंग-बिरंगी लड़ियों, फूलों की भी विशेष रूप से खरीदारी करेंगे।
मिठाइयों से ज्यादा ड्राई फ्रूट पर भरोसा
मिलावटी सामान ज्यादा बिकने के कारण ग्राहक भी सोच-समझकर मिठाइयां खरीद रहे हैं। लोग मिठाइयों से ज्यादा ड्राई फ्रूट्स को तवज्जो दे रहे हैं।
वहीं शुगर फ्री मिठाइयों की भी विशेष मांग है। मिठाइयों के शौकीन लोग रोस्टेड ड्राई फ्रूट की मिठाइयों की मांग कर रहे हैं। इसकी बड़ी वजह खोया की क्वालिटी पर लोगों का विश्वास कम होना है।
गिफ्ट पैक में भी लोग ड्राई फ्रूट खास तौर पर काजू, बादाम, किशमिश पैक देना पसंद कर रहे हैं।
ग्राहकों के लिए ऑफर्स की भरमार
इस बार ग्राहकों की संख्या कम होने के कारण बाजार में छोटे से लेकर बड़े सामान तक पर ऑफर्स की भरमार है। हर कंपनी अपने प्रोडक्ट पर ग्राहकों को अलग-अलग ऑफर दे रही है।
कारों पर जहां 10 हजार से लेकर 30 हजार तक की छूट हैं, वहीं इलेक्ट्रोनिक सामान के हर प्रोडक्ट के साथ कोई दूसरा प्रोडक्ट मुफ्त दिया जा रहा है। इसी तरह रेडिमेड कपड़ों, जूतों व फर्नीचरों पर भी अच्छा डिस्काउंट उपलब्ध है।
10 व 11 नवंबर को भी रहेगी धूम
सोमवार को धनतेरस की खरीदारी के बाद बाजारों में 10 नवंबर को छोटी दिवाली और 11 नवंबर को दिवाली पर बंपर ग्राहकी की उम्मीद जताई जा रही है। दुकानदारों की मानें तो आम दिनों के मुकाबले अब तक 15 से 20 प्रतिशत तक खरीदारी बढ़ गई है।
बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर बढ़ी भीड़
फेस्टिवल सीजन होने के कारण दो दिनों से रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड पर भीड़ बढ़ गई है। कामकाजी लोग त्यौहार पर अपने घरों की ओर लौट रहे हैं। दिल्ली से आने वाली ट्रेनें सवारियों से भरी मिलती है।
रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबंद कर दी गई है। हालांकि सवारियां ज्यादा होने के बाद भी रोडवेज प्रशासन की ओर से अतिरिक्त बसों की व्यवस्था नहीं की गई है।
धनतेरस पर बाइक बिक्री में काफी उछाल आता है। हालांकि इस बार बीते सालों की अपेक्षा ज्यादा बूम नहीं है। धनतेरस पर 40 से 45 बाइक बिकने की संभावना है।
अक्षय मलिक, मलिक ऑटोमोबाइल
धनतेरस पर ज्यादातर बर्तनों की मांग होती है। इस बार कूकर के नए डिजाइन आए हैं। लोग तांबे-पीतल का माल ज्यादा खरीद रहे हैं। पिछले साल से थोड़ी कम है, मगर फिर भी अच्छी बिक्री चल रही है।
निखिल कुमार, बर्तन व्यापारी
इलेक्ट्रॉनिक चीजों की जबरदस्त मांग है। धनतेरस से पहले ही खरीदारी जोरों पर है। धनतेरस के दिन भी अच्छी कमाई होने की उम्मीद है। नए-नए डिजाइनों की चीजें विशेष रूप से ग्राहकों के लिए पेश की जा रही है। शहर में इलेक्ट्रोनिक्स का भी करीब 7 से 10 करोड़ के बीच करोबार रहेगा।
कमल पसरीजा, इलेक्ट्रोनिक्स दुकानदार
गारमेंट्स कारोबार इस समय बढ़िया चल रहा है। हालांकि ग्रामीण ग्राहक कम आ रहे हैं, मगर फिर भी अच्छी बिक्री हो रही है। अब तक चार दिनों में 5 से 7 लाख रुपये का माल बेच चुके हैं।
संजय गिरधर, गारमेंट्स विक्रेता
इस समय सर्राफा बाजार अच्छा चल रहा है। लोगों में ज्वैलरी खरीदने के लिए उत्साह है। बाकी सारी स्थिति धनतेरस की बिक्री के बाद सामने आएगी।
शिव कुमार सोनी, ज्वैलर
सोमवार के दिन धनतेरस अच्छी मानी जाती है। खरीदारी के लिए इस दिन कोई विशेष मुहूर्त नहीं है, पूरा दिन ही शुभ है, इसलिए दिन में किसी भी समय खरीदारी की जा सकती है।
पंडित देवकुमार शर्मा, ज्योतिषाचार्य व संपादक कैलाश पंचांग।