नागरिक अस्पताल में जांच करती एनक्वास की टीम। संवाद
- फोटो : Hisar
हिसार। नागरिक अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं को जांचने के लिए एनक्वास (नेेशनल क्वालिटी इंश्योरेसे स्टैंडर्ड) की टीम ने बुधवार को अस्पताल का दौरा किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने सभी सुविधाओं को जांचा और निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों के बारे में अस्पताल प्रशासन को अवगत कराया। टीम की मानें तो अस्पताल में सभी सुविधाएं ठीक मिली। हालांकि यहां मैनपावर की काफी कमी है, जिससे मरीजों को कई सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। हालांकि टीम ने नागरिक अस्पताल को 70 प्लस नबंर दिए हैं। अभी एक नेशनल लेवल की टीम भी जांच करेगी।
नागरिक अस्पताल में बुधवार सुबह 10 बजे एनक्वास की टीम पहुंची। यह टीम रोहतक पीजीआई से आई थी। करीब 3 बजे तक टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद टीम की सदस्य डॉ. अरसप्रीत कौर ने बताया कि अस्पताल में लगभग हर तरह की सुविधाएं मरीजों को मिल रही है। उनकी टीम ने पूरे अस्पताल का निरीक्षण किया है, जिसमें पाया गया कि सभी लैब को अपग्रेड किया जा रहा है। रेडियोग्राफी की सुविधा भी दी जाने लगी है। अल्ट्रासांउड की मशीन भी शुरू हो चुकी है। वेटिंग एरिया साफ सुथरा नजर आया। उन्होंने बताया कि किसी भी अस्पताल को पास होने के लिए 70 अकों की आवश्यकता होती है और उनकी टीम ने नागरिक अस्पताल को 70 प्लस नबंर दिए हैं। अभी एक नेशनल लेवल की टीम भी जांच करेगी।