हिसार। पुलिस की स्पेशल स्टाफ पुलिस टीम ने आधार अस्पताल के पास से ऑडी कार चोरी के मामले में गाड़ी के मालिक दुर्जनपुर निवासी मंगत राम को गिरफ्तार किया है। आरोपी मंगत राम को पूछताछ के बाद पेश अदालत कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले में पुलिस 26 मार्च को गाड़ी चोरी करने वाले गैराज संचालक को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आईसीआईसीआई लंबोर्ड की सोनल शाखा में कार्यरत मैनेजर तैनात दुर्जनपुर निवासी मंगतराम ने 15 मार्च को आधार अस्पताल के पास से ऑडी चोरी के बारे शिकायत दी थी, जिसमें उसने बताया कि वह 15 मार्च 2025 को आधार अस्पताल इलाज के लिए आया था। उसने अपनी ऑडी गाड़ी अस्पताल के बाहर खड़ी की थी। जब वह वापस आया तो उसे वहां गाड़ी नहीं मिली। किसी ने उसकी गाड़ी को चोरी किया है। थाना आजाद नगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। स्पेशल स्टाफ टीम ने जांच में पाया कि गाड़ी मालिक मंगतराम ने अपनी गाड़ी खुद ही इंश्योरेंस के पैसे हड़पने के लिए एक आरोपी राहुल से चोरी करवाई थी। पुलिस राहुल को गिरफ्तार कर चोरी शुदा गाड़ी बरामद की जा चुकी है। दरअसल राहुल गैराज चलाता है। उसने गाड़ी को चोरी कर गैराज में खड़ा किया था। जहां से पुलिस ने बरामद किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज में राहुल का चेहरा पहचाना। उसके बाद पुलिस उसके गैराज तक पहुंची। राहुल से पूछताछ किए जाने पर उसने पूरी कहानी उजागर कर दी।