बास। नारनौंद के डीएसपी रविंद्र सांगवान की अगुवाई में गांव मदनहेड़ी में एक नेशनल कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन के दिशा-निर्देशों पर नशा मुक्ति अभियान के तहत करवाया गया है। प्रतियोगिता में युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।
इस प्रतियोगिता में गांव मदनहेड़ी, तालु, मुंढाल और खांडाखेड़ी की टीमों ने हिस्सा लिया। बालिकाओं की टीमों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। फाइनल मुकाबला मेजबान मदनहेड़ी और गांव तालु की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें मदनहेड़ी की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 41-37 से जीत दर्ज कर ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता टीम को हांसी पुलिस की ओर से ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए गए। साथ ही सभी खिलाड़ियों को रिफ्रेशमेंट देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। डीएसपी रविंद्र सांगवान व बास थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मंदीप ने मंच से युवाओं को नशा छोड़ने और खेलों से जुड़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि युवा खेल को अपनाकर अपनी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाएं।