नारनौंद (हिसार)। गांव राजथल पुलिस नाके से महज आधा किलोमीटर दूर एक कैंटर मालिक व चालक से चार बदमाशों ने नकदी व मोबाइल फोन लूटा और बड़ी आसानी से फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के शामली के मालैंडी निवासी संजीव कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने कैंटर पर चालक के साथ रविवार शाम शामली से चुरू के लिए निकले थे। रात 12:15 बजे जब वह लोग पुलिस नाका पार कर गांव राजथल के नजदीक पहुंचे तो अचानक उनके कैंटर के आगे एक स्विफ्ट कार रुकी। कार से चार बदमाश हाथों में हथियार लहराते हुए उतरे और उनकी गाड़ी के पास आकर पिस्तौल तान दी। इसके बाद एक बदमाश ने संजीव के पास से पांच हजार रुपये और चालक व उनका मोबाइल छीन लिया। इसके बाद कार पर बैठकर बड़ी आसानी से भाग निकले। घटना के बाद किसी राहगीर के फोन से संजीव ने पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने उसके बयान पर अज्ञात चार बदमाशों के खिलाफ आईपीसी की धारा 392, 34 व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टीमें गठित की हैं
शिकायत के आधार पर चार कार सवार अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। तीन टीमों का गठन कर बदमाशों को पकडने के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- सब इंस्पेक्टर, सुरेंद्र सिंह, जांच अधिकारी।