हिसार। जननायक जनता पार्टी (जजपा) नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह नाकाम साबित हुई है। भाजपा ने जिस तरह गुजरात में सभी मंत्रियों से इस्तीफा लेकर सरकार का चेहरा बदला था, उसी तरह हरियाणा में भी बदलाव जरूरी है, वरना प्रदेश बदहाली की ओर बढ़ जाएगा।
दुष्यंत चौटाला शुक्रवार को जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अब तक की सबसे विफल सरकार और सबसे कमजोर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हैं। सरकार ने दो साल बाद बुढ़ापा पेंशन में सिर्फ 200 रुपये की बढ़ोतरी की है। जब मैं सरकार में था, तब हर साल 250 रुपये की वृद्धि कराई थी।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हरियाणा में सरकार सैनी साहब नहीं चला रहे। वह तो हर कदम पर इंतजार करते हैं कि बड़े साहब क्या फैसला लेते हैं। एएसआई संदीप लाठर के परिवार को नौकरी देने की घोषणा भी जब केंद्रीय मंत्री करते हैं और मुख्यमंत्री कुछ नहीं कर पाते, तो यह साफ दिखता है कि प्रदेश में सरकार कौन चला रहा है।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन है। सरकार दो महीने में खेतों से पानी तक नहीं निकलवा पाई, किसान अपने स्तर पर मोटरें चलाकर पानी निकाल रहे हैं। अगली फसल की बिजाई की आस तक नहीं दिख रही। धान, बाजरा और मूंग जैसी फसलों की खरीद एमएसपी पर नहीं हो रही। सरकार ने अभी तक यह भी तय नहीं किया कि किसानों को कितना मुआवजा दिया जाएगा।
पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि सरकार ने ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ तो शुरू की, लेकिन उसमें इतनी कठोर शर्तें लगा दीं कि 75 प्रतिशत महिलाएं इसका लाभ ही नहीं ले पाएंगी। भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार के दौरान उन्होंने हर साल 250-250 रुपये बढ़ाकर चार साल में एक हजार रुपये की पेंशन वृद्धि कराई थी। पुलिस विभाग के हालात बेहद खराब हैं और पुलिसकर्मियों का मनोबल टूटा हुआ है। एडीजीपी वाई पूरण कुमार और एएसआई संदीप की घटनाएं बेहद गंभीर हैं। इन मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।