नारनौंद हलके में बुधवार को मतदान के दौरान करीब छह पोलिंग बूथों पर झगड़े हुए।
वहीं गांव बास के बूथ में ईवीएम खराब होने के कारण करीब एक घंटे तक मतदान को रोकना पड़ा।
भाजपा प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु के साथ गांव बास बादशाहपुर में इनेलो कार्यकर्ताओं ने बदतमीजी भी की।
कैप्टन अभिमन्यु ने आरोप लगाया कि नारनौंद विधानसभा क्षेत्र में पुलिस ने सुरक्षा में कोताही बरती है।
कैप्टन ने गांव बास बादशाहपुर में दोबारा मतदान करवाने के लिए चुनाव आयोग से शिकायत की है। नारनौंद के 62 गांव में 1 लाख 87127 मतदाता हैं।
बुधवार को सुबह सात बजे से ही मतदान की प्रक्रिया शुरू हो गई और लोगों ने सुबह के समय मतदान करने में रुचि दिखाई और मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं।
करीब आठ बजे बास बादशाहपुर के मतदान केंद्र 141 में ईवीएम खराब हो गई और मशीन को बदलने में करीब एक घंटे का समय लग गया, जिससे एक घंटा मतदान प्रभावित रहा।
उसके बाद करीब 9 बजे गांव बादशाहपुर के कन्या हाई स्कूल में बने बूथों पर इनेलो कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और उनको बूथों से बाहर कर दिया।
मौके पर भाजपा प्रत्याशी कैप्टन अभिमन्यु पहुंचे तो इनेलो कार्यकर्ताओं ने उनके साथ भी बदतमीजी की। कैप्टन अभिमन्यु ने इसकी शिकायत पुलिस प्रशासन और चुनाव आयोग से की।
पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया और भारी पुलिस बल के साथ पुलिस अधीक्षक विकास धनखड़ बास गांव में पहुंचे और बूथों का निरीक्षण किया।
कैप्टन अभिमन्यु ने आरोप लगाया कि बास बादशाहपुर के बूथ नंबर 141, 142 और 143 पर इनेलो कार्यकर्ताओं ने कब्जा किया हुआ था और अपनी मनमानी चला रहे थे। उन्होंने तीनों बूथों पर दोबारा से मतदान करवाने की मांग की है।
मामले की सूचना मिलते ही हिसार रेंज के आईजी हनीफ कुरैशी ने भी गांव बास और खांडाखेड़ी का दौरा किया और शरारती तत्वों को मतदान केंद्र से बाहर जाने के आदेश दिए।
वहीं आरोप है कि जब भाजपा प्रत्याशी नारनौंद के पोलिंग स्टेशनों का निरीक्षण करने के लिए पहुंचे तो आजाद प्रत्याशी रामकुमार गौतम के समर्थकाें ने विरोध करते हुए उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
शरारती तत्वों को खदेड़ दिया था : आईजी
इस संबंध में हिसार रेंज के आईजी हनीफ कुरैशी से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि मतदान के शुरूआती दौर में कुछ झगड़ा हुआ था।
उसके बाद पैरामिल्ट्री फोर्स सहित हरियाणा पुलिस के डीएसपी वीरेंद्र सिंह को इन्हीं मतदान केंद्रों पर ड्यूटी देने के आदेश दिए गए। पूरा मामला कंट्रोल में आ गया था और सभी शरारती तत्वों को मतदान केंद्रों से बाहर खदेड़ दिया गया था।
सिवानी में दो बूथों पर फर्जी मतदान को लेकर हंगामा
लोहारू विधानसभा क्षेत्र के सिवानी स्थित बूथ नम्बर 26 और 28 पर फर्जी वोटिंग को लेकर इनेलो कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध जताया।
इसके चलते बूथ नंबर 26 पर सवा घंटे तक मतदान प्रक्रिया बंद रही। आरोप है कि अमेरिका में रह रहे एक भारतीय नागरिक का किसी ने फर्जी वोट डाल दिया और मतदान केंद्र पर आए मतदाताओं को बैरंग लौटा दिया गया।
उन्होंने उंगली पर अपने निशान नहीं होने के सबूत भी दिए, लेकिन अधिकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी। इस बीच इनेलो प्रत्याशी ओमप्रकाश बड़वा भी मौके पर पहुंचे और फर्जी मतदान पर रोक लगाने की अधिकारियों से मांग की।
बाद में अधिकरियों ने बूथ पर तैनात बीएलओ को हटाने का आदेश जारी किया और फर्जी मतदान की जांच का भरोसा दिलाया।
इसके अलावा जिन लोगाें ने वोट नहीं किया उनका भी अधिकारियों ने तय नियमों के मुताबिक वोटिंग करवाने की भी बात कही तो लोग शांत हुए।
इसी बीच बूथ नंबर 28 पर भी फर्जी मतदान को लेकर इनेलो कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा मचाया। सूचना मिलने के बाद एसडीएम शालिनी चेतल मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत के बाद अधिकारियों को निष्पक्ष मतदान के निर्देश दिए।
वहीं, इनेलो कार्यकर्ताओं का कहना था कि एसडीएम ने उनकी एक नहीं सुनी, जिसके विरोध में उन्होंने नारेबाजी की। उधर, ड्यूटी मजिस्ट्रेट डॉ. सुनील शर्मा का कहना है कि मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया।
थोड़ी बहुत जगह गलतफहमी के कारण मतदान रुका था, लेकिन बाद में इसे शुरू करवा दिया गया। वहीं, खंड के गांव मोहिला में भी हजकां और इनेलो के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई, जिसमें दानों पक्षों के एक-एक कार्यकर्ता मामूली रूप से घायल हो गए।
सेक्टर-14 में बूथ पर झगड़ा, दो बीजेपी समर्थक घायल
सेक्टर-14 स्थित ज्वाला सदन धर्मशाला में मतदान के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री जिंदल के बेटे पूर्व सांसद नवीन जिंदल के साथ गए समर्थकों और बीजेपी समर्थकों में झड़प हो गई।
विवाद में बीजेपी के दो समर्थक घायल हो गए। घायल प्रवीन और योगेश को उपचार के लिए सामान्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
सामान्य अस्पताल में भर्ती प्रवीन व योगेश ने बताया कि कुछ वोटर अलग-अलग पार्टियों के पटके गले में डालकर घूम रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
उन्होंने आरोप लगाया है कि कांग्रेस समर्थकों ने उन पर हमला बोल दिया। कुछ देर विवाद के बाद मामला शांत हो गया।
दूसरी तरफ राजगुरु मार्केट स्थित पंजाबी धर्मशाला में बुधवार दोपहर को फर्जी वोट डालने के आरोप में कांग्रेस व हजकां प्रत्याशी समर्थकों के बीच झड़प हो गई।
मौके पर उपस्थित पुलिस कर्मचारियों ने दोनों पक्षों के समर्थकों को छुड़वाया। वहीं, इस बात का पता चलते ही हजकां उम्मीदवार गौतम सरदाना और कांग्रेस प्रत्याशी सावित्री जिंदल भी मौके पहुंचे।
पटेल नगर में बूथ नंबर 124
पटेल नगर के 124 नंबर बूथ पर भी हजकां का चुनाव चिह्न साफ दिखाई न देने पर विवाद हो गया। हजकां समर्थकों और अन्य पार्टियों के समर्थकों में इस बात को लेकर काफी बहस हुई।
यहां तक कि पार्टी समर्थकों ने आरोप लगाया कि किसी विरोधी पार्टी कार्यकर्ता या समर्थक ने पार्टी के चुनाव चिन्ह को धुंधला करने के लिए निशान लगा दिया है। बूथ पर मौजूद अधिकारियों ने मशीन के बटनों को साफ करवाया, जिसके बाद मामला शांत हो गया।
अगर दो नंबर बटन खराब है तो तीसरा बटन दबा दो
नलवा विधानसभा क्षेत्र के आजाद नगर में विजय भारती स्कूल में बने बूथ पर बसपा उम्मीदवार प्रदीप अंबेडकर ने ईवीएम खराब होने का आरोप लगाया है।
इस बूथ पर पूरे दिन बसपा समर्थकों की पोलिंग अधिकारियों व अन्य पार्टियों के समर्थकों के साथ बहस होती रही। बार-बार उन्होंने आरो, एआरओ और जिला निर्वाचन अधिकारियों को भी फोन किया।
उम्मीदवार का आरोप है कि बूथ पर ड्यूटी दे रहे कर्मचारियों ने वोटरों को यहां तक कहा कि अगर दो नंबर बटन खराब है तो तीसरा बटन दबा दो।
अंगुली पर स्याही का निशान न लगाने पर कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों के साथ विवाद
ओद्यौगिक क्षेत्र के मतदान केंद्र में एक महिला द्वारा वोट डालने के बाद स्याही का अंगुली पर निशान न होने पर कवरेज कर रहे कुछ मीडियाकर्मियों से झड़प की। मीडिया कर्मियों से कैमरा छीनने की कोशिश भी हुई।