हिसार। दिवाली पर हर घर और बाजार रोशनी से जगमगाने की तैयारी में है लेकिन आजाद नगर के दुकानदारों के हिस्से इस बार भी धूल और अंधेरा ही आएगा। यहां मेन रोड पर न स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था है और न सड़क से उड़ती धूल से राहत मिल रही है।
दुकानदार कई बार जिला प्रशासन के सामने समस्या उठा चुके हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। करीब 10 माह पहले आजाद नगर मेन रोड पर ड्रेनेज लाइन बिछाने के लिए स्ट्रीट लाइट के पोल हटा दिए गए थे। इतना समय बीतने के बाद भी न ड्रेनेज लाइन का काम पूरा हुआ और न ही पोल दोबारा लगाए गए। शाम ढलते ही सड़क अंधेरे में डूब जाती है।
दिवाली नजदीक है लेकिन बाजार में रोशनी का इंतजाम नहीं हो पाया है। ड्रेनेज लाइन बिछाने के लिए सड़क की गहरी खोदाई की गई थी। काम के बाद बने गड्ढों को भरने के लिए तारकोल की परत बिछाने के बजाय रोड़ी और यमुना की मिट्टी डाल दी गई।
अब वाहनों की आवाजाही से दिनभर धूल उड़ती रहती है। दुकानों में बार-बार सफाई करने के बावजूद मिट्टी जमा हो जाती है। दिन में दो बार पानी का छिड़काव किया जाता है लेकिन इससे राहत नहीं मिल रही। दुकानदारों का कहना है कि सड़क पर तारकोल से पैचवर्क जरूरी है। साथ ही स्ट्रीट लाइन की व्यवस्था की जाए।