हिसार। आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के चौथे सीजन के तहत जिले में मशाल 12 मई को शाम तक पहुंचेगी। 13 मई को शाम छह बजे महाबीर स्टेडियम में राहगीरी का आयोजन किया जाएगा।
जिला खेल अधिकारी जगबीर सिंह ने बताया कि राहगीरी में एक विशेष वाहन के माध्यम से खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल, शुभंकर धाकड़ और जया भी पहुंचेंगे। खेलो इंडिया यूथ गेम्स की मशाल का भव्य स्वागत किया जाएगा। राहगीरी कार्यक्रम को लेकर जिलेभर में खिलाड़ियों एवं युवाओं में उत्साह है।
राहगीरी कार्यक्रम में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भाग लेंगे। इस दौरान कुश्ती, कबड्डी व बॉक्सिंग आदि खेलों के लाइव डेमो भी होंगे। साथ ही खेलो इंडिया थीम गीत के साथ राहगीरी में सांस्कृतिक मंच भी सजेगा और उसके बाद मशाल की फ्लैग ऑफ सेरेमनी होगी।
जिला खेल अधिकारी ने बताया कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत मैराथन दौड़ का भी आयोजन किया जाएगा। खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत मशाल सात मई को पंचकूला से शुरू हुई थी, जो प्रदेश के सभी जिलों से होते हुए वापस चार जून को पंचकूला पहुंचेगी।