हिसार। स्वच्छता अभियान के तहत नागरिक अस्पताल में बुधवार सुबह कायाकल्प की टीम पहुंची। टीम में शामिल दो चिकित्सक और दो नर्सिंग ऑफिसर ने आपातकालीन कक्ष, वार्ड, लैब और परिसर में साफ-सफाई का जायजा लिया। सुबह से लेकर दोपहर तक टीम अस्पताल परिसर के अंदर निरीक्षण करती रही। टीम के द्वारा अस्पताल को रैंक दी जाएगी। अस्पताल के 80 से अधिक नंबर मिले तो कायाकल्प के तहत बजट जारी किया जाएगा। इससे पहले भी अस्पताल कायाकल्प में शामिल हो चुका है। हर साल टीम के द्वारा निरीक्षण किया जाता है।
टीम के आने से पहले हुई साफ-सफाई
बुधवार सुबह कायाकल्प की टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल परिसर में साफ-सफाई का दौर चला। परिसर के अलावा वार्डों को चमकाया गया। सोनीपत से आई टीम में क्वालिटी नोडल ऑफिसर डॉ. संदीप, डॉ. नवीन के अलावा नर्सिंग ऑफिसर सोनिया और ज्योति ने सबसे पहले आपातकालीन कक्ष का निरीक्षण किया। यहां की साफ-सफाई के अलावा दवाइयाें के स्टॉक को भी चेक किया। 10 से 15 मिनट तक टीम यहां पर रूकी। उसके बाद अस्पताल परिसर में बने सभी वार्डों का निरीक्षण किया गया। टीम के सदस्यों ने मरीजों से भी बातचीत की। इसके अलावा टीम ने दवा खाना और जहां पर दवाइयों का स्टॉक रखा जाता वहां का निरीक्षण किया। लैब और अस्पताल के अंदर बने शौचालयों में भी साफ-सफाई देखी।
देपल के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का भी किया निरीक्षण
हांसी। गांव देपल में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में काया कल्प की टीम ने दो घंटे निरीक्षण किया। निरीक्षण करने के लिए टीम कैथल से आई थी। टीम रिपोर्ट बनाकर हिसार में सीएमओ कार्यालय में सौंपेगी। टीम ने निरीक्षण के दौरान मिलीं खामियों को दूर करने के लिए भी बताया। इस दौरान उन्होंने वहां पर दी जाने वाली सुविधाओं को भी जांचा, जिसके बाद टीम वहां से वापस लौटी।