हरियाणा में हिसार लोकसभा सीट से भाजपा सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी लोकसभा की सभी दस सीटों पर चुनाव लड़ेगी। जल्द ही विधानसभा सीटों की संख्या का भी एलान कर देंगे। गठबंधन टूटने की अटकलबाजी में नहीं जाऊंगा। मुझे नहीं लगता गठबंधन से कोई फायदा है। अब तो नुकसान ही हो रहा है। अब राजनीतिक फैसले लेने का समय है, जिससे हम चुनाव को लेकर पूरी मजबूती से लड़ सकें।
शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव परिणाम हमारे अनुकूल नहीं रहा। छह-सात अलग-अलग विधायकों को अपने साथ लाने के बजाय एक ग्रुप को लिया था, जिससे सरकार बनी। दिग्विजय चौटाला के एमपी लापता के बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि मैं उनकी बात का जवाब देना उचित नहीं समझता।
सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि अपने घर की पार्टी का स्वयंभू नेता बना हुआ है, जो आज तक सरपंच तक नहीं बना। वह कहता कुछ है, असलियत कुछ है। मेरे बारे में ही नहीं सभी के बारे में बचकानी बातें करता है। एक डेढ़ साल तक काेरोना और किसान आंदोलन के कारण जनसंपर्क में कुछ कमी आई थी। इसके बाद से निरंतर मैं अपने क्षेत्र में हूं।
दुष्यंत चौटाला के सीएम बनने के सवाल पर व्यंग्यात्मक तरीके से बृजेंद्र सिंह ने कहा कि हसरत पूरी हो जाएगी इस बार। पिछली बार दस सीट आई थी, इस बार कितनी बचेंगी, गिनती करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि सरकार के 9 साल पूरे हाेने पर 30 जून तक महाजनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 30 जून को बरवाला में जनसभा का आयोजन किया जाएगा। एक सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि बड़े नेता के कामराज अनपढ़ थे। चौधरी देवीलाल भी ज्यादा पढ़े-लिखे नहीं थे।
कोई कार्यकर्ता गठबंधन से खुश नहीं
सांसद बृजेंद्र सिंह ने कहा कि मेरी पार्टी का नेता या कार्यकर्ता ऐसा कोई नहीं होगा, जो कि जजपा के साथ गठबंधन से खुश होगा। जजपा का साथ लेना मजबूरी थी। सरकार चलाने के लिए यह फैसला जरूरी था। हमारे उचाना में कार्यक्रम के बाद ही गर्मी के मौसम में ही गर्मी चढ़ी।
दुष्यंत के अलावा भी बहुत से लोग उचाना में चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। सबका अधिकार है। इस बीच डीपी वत्स ने कहा कि दुष्यंत हमारी मदद के लिए तैयारी कर रहे हैं। उचाना शुरू से ही हॉट सीट है। पांच चुनाव में तीन हम जीत चुके हैं, दो चौटाला परिवार जीत चुका है।