फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hisar News: सामान नहीं जला, बच्चों के भविष्य के लिए संजोए ख्वाब भी राख हो गए

विज्ञापन
घर में आग लगने की घटना के बाद विलाप करते परिजन।
विज्ञापन
आदमपुर (हिसार)। आदमपुर गांव के पूर्वी पाना में बुधवार सुबह आग लगने से एक मजदूर परिवार का आशियाना उजड़ गया। घर में रखे एक बड़े और एक छोटे गैस सिलिंडर में जोरदार धमाके हुए। विस्फोट इतने तेज थे कि मकान की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ गईं और छत को भी भारी नुकसान पहुंचा। आग में घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। हादसे में परिवार के बच्चों की पढ़ाई और बेहतर भविष्य के लिए संजोए सपने भी बिखर गए। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर से बाहर थे, जिससे जनहानि नहीं हुई।
विज्ञापन

हादसे के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। बिलखती मां को बेटा आंसू छिपाकर दिलासा दे रहा था, वहीं उमेद सिंह पत्नी और बच्चों के सामने फूट-फूटकर रोते हुए ग्रामीणों को अपनी व्यथा सुना रहे थे। उन्होंने बताया कि पत्नी उषा के साथ दिन-रात मजदूरी करके बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने का सपना देखा था। बड़ी बेटी गायत्री ने 12वीं कक्षा में 88 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। अब चिंता सता रही है कि दोनों बेटियों और एक बेटे की पढ़ाई कैसे पूरी करवाएंगे। हादसे में घर का सामान ही नहीं जला, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए संजोए ख्वाब भी राख हो गए।

उमेद सिंह की माता विमला देवी और बहन गीता ने बताया कि घर में न खाने के लिए अनाज बचा है और न ही पहनने के लिए कपड़े। मकान की छत और दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं। परिवार ने प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।
विज्ञापन


आशंका : गैस लीकेज से लगी आग

सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। इसके बाद आदमपुर से दमकल विभाग की गाड़ी पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। उमेद सिंह के अनुसार, उन्होंने 10 नवंबर को ही नया सिलिंडर लिया था। सुबह मजदूरी पर जाने से पहले घर के सभी बिजली उपकरण बंद करके गए थे। उन्हें आशंका है कि सिलिंडर एक्सपायरी डेट का था और गैस लीकेज के कारण आग लगी। पीड़ित परिवार की मदद के लिए ग्रामीणों और समाजसेवियों ने आर्थिक सहयोग दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें