हिसार। मानसून टर्फ के चंडीगढ़ पर जाने से प्रदेश के उत्तरी व पूर्वी जिलों में बारिश हुई। हालांकि मौसम विशेषज्ञ के मानें तो आने वाले दिनों में टर्फ के उत्तरी पर्वतीय तराई वाले क्षेत्रों में जाने से मानसून पर कुछ दिनों के लिए ब्रेक लगने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि पिछले तीन दिन से मानसून टर्फ प्रदेश के उत्तरी हिस्सों पर बनी हुई है, जिसकी वजह से प्रदेश के उत्तरी व पूर्वी जिलों में लगातार मानसून सक्रिय बना हुआ है। बाकी क्षेत्रों में सिर्फ बादलों की आवाजाही बनी हुई है। सोमवार को मानसून टर्फ अमृतसर, चंडीगढ़, शामली, शाहजहापुर, लखनऊ, छपरा, बांकुरा, कैनिंग से होकर दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली रही। उधर, बारिश के न होने से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी भी हुई है। हालांकि अभी भी ज्यादातर स्थानों पर दिन और रात के तापमान सामान्य से नीचे बने हुए हैं।
आगे यह रहेगा मौसम
मानसून टर्फ जल्द ही उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों के तराई क्षेत्रों पर पहुंच जाएगी। ऐसे में चार-पांच दिन तक हरियाणा, एनसीआर व दिल्ली में मानसून ब्रेक की लग सकता है। इस कारण से एक बार फिर से तापमान में बढ़ोतरी और उमस भरी गर्मी का लोगों को सामना करना पड़ेगा। फिलहाल एक कम दबाव का क्षेत्र उत्तर पश्चिमी बिहार, एक पंजाब और एक पूर्वोत्तर अरब सागर पर बना हुआ है। इनके असर से 9 अगस्त के बाद एक बार फिर से मानसून टर्फ के दक्षिणी हिस्सों पर आने से मानसून के सक्रिय होने की संभावना है।