नारनौंद। गांव गुराना के आंबेडकर चौक पर सोमवार को 25 सितंबर को मेवात में होने वाले जननायक चौधरी देवीलाल जयंती सम्मान समारोह की तैयारियों के लिए जनसभा आयोजित की गई। इसमें पूर्व मंत्री प्रोफेसर संपत सिंह और इनेलो के राष्ट्रीय संगठन सचिव उमेद लोहान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को 6 सितंबर को नारनौंद में होने वाली बैठक में पहुंचने का निमंत्रण दिया। बैठक में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला मुख्य अतिथि होंगे और 25 सितंबर की रैली की तैयारियों पर मंथन किया जाएगा।
प्रोफेसर संपत सिंह ने कहा कि चौधरी देवीलाल ने हमेशा किसान, मजदूर, गरीब और कमेरे वर्ग के हितों की आवाज बुलंद की। उनके विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। मेवात में होने वाला सम्मान समारोह उनके संघर्ष और सामाजिक सरोकारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का अवसर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने और 6 सितंबर की बैठक में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया।
उमेद लोहान ने कहा कि देवीलाल जयंती समारोह केवल राजनीतिक आयोजन नहीं बल्कि जननायक की नीतियों और सिद्धांतों को याद करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह है। नारनौंद की बैठक में रैली की तैयारियों, जिम्मेदारियों और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी को लेकर रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि नारनौंद क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मेवात पहुंचेंगे।
इस अवसर पर हलका अध्यक्ष राजेश उर्फ बिल्लू, एससी सेल जिलाध्यक्ष दयानंद बुडाना, पूर्व सरपंच महाबीर डाटा, सुनील बागड़ी, जयपाल डाटा, हरिकेश रंगा आदि मौजूद रहे।