हिसार। त्योहारी सीजन में शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या से निपटने के लिए रोडवेज और ट्रैफिक पुलिस ने बसों के संचालन की व्यवस्था सख्त करने का फैसला लिया है। जिला नागरिक अस्पताल के सामने से गुजरने वाले दिल्ली रोड पर बस स्टैंड के मेनगेट से सिरसा, फतेहाबाद, नरवाना, टोहाना और जींद समेत कई रूट की बसों के आवागमन पर रोक रहेगी।
इन रूट की बसें अब बस स्टैंड के पिछले गेट से ही निकलेंगी। नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए मेनगेट पर चार रोडवेज कर्मचारी और चार ट्रैफिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। यहां से प्रतिबंधित रूट की बस निकालने पर ट्रैफिक पुलिस चालान करेगी।
एक साल पहले लगाई थी पाबंदी, अब सख्ती से लागू होगी व्यवस्था
जिला प्रशासन ने करीब एक साल पहले बस स्टैंड के मेनगेट से सिरसा, अग्रोहा और फतेहाबाद रूट की बसों के आवागमन पर रोक लगाई थी। बस स्टैंड के सामने जिला नागरिक अस्पताल होने के कारण यह निर्णय लिया गया था। दिल्ली रोड पर जाम लगने से एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी होती थी। इसके बावजूद नियम पूरी तरह लागू नहीं हो पाया और कई रोडवेज व निजी बस चालक मेनगेट से ही बसों का संचालन करते रहे। अब त्योहारी सीजन को देखते हुए व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाएगा।
573 से अधिक बसों का रहता है दबाव :
हिसार डिपो की 181 और हांसी सब डिपो की 78 बसों समेत रोडवेज की कुल 259 बसें यहां से आती-जाती हैं। इसके अलावा करीब 184 निजी परमिट वाली और अन्य राज्यों की करीब 130 बसों का भी इस मार्ग से आवागमन रहता है। त्योहारी दिनों में यातायात का दबाव और बढ़ जाता है।मेनगेट पर तैनात कर्मचारी प्रतिबंधित रूट की बसों को पिछले गेट से भेजना सुनिश्चित करेंगे। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी।
:::::::::::::
मेनगेट से सिरसा रूट सहित कई रूट की बसों के आने-जाने पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके बावजूद कुछ निजी और रोडवेज बस चालक मनमानी करते हुए मेनगेट से बसें निकालते हैं। अब इन्हें रोकने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं और नियमों की सख्ती से पालना करवाई जाएगी।
रघुबीर सिंह जेवरा, एसएस, रोडवेज डिपो हिसार