हिसार। बांग्लादेश में चल रहे अंडर-19 साउथ एशियन गेम्स में मंगलवार को भारतीय महिला फुटबाल टीम ने नेपाल को 4-0 से हराकर मैच जीत लिया। नेहा ने किक का दम दिखाते हुए 2 गोल कर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई है। वहीं, एक गोल पास भी किया। अब वीरवार को भारतीय महिला टीम बांग्लादेश के साथ फाइनल में भिड़ेगी। भारतीय टीम में हरियाणा से दो बेटियां शामिल हैं। इसमें हिसार के गांव मंगाली से नेहा के अलावा भिवानी के अलखपुरा की पूजा खेल रही हैं। वहीं, मैच जीतने पर नेहा के परिवार में खुशी का माहौल है।
बता दें, कि भारतीय महिला फुटबाल टीम ने पहले मैच में भूटान को 10-0 से हराया था। मगर बांग्लादेश के साथ हुए दूसरे मैच में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस मैच में टीम 1-0 से हार गई थी मगर मंगलवार को हुए मैच में भारतीय टीम ने जीत हासिल करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। नेहा मंगाली के गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कोच अश्वनी कुमार और नरेंद्र कुमार के पास प्रशिक्षण ले रही है। वह बाएं पैर से किक लगाती है और फारवर्ड है। नेहा 2022 में अंडर-17 वर्ल्ड कप खेल चुकी हैं।
जिसके साथ हुई थी हार, अब उसी के साथ फाइनल में भिड़ेगी भारतीय टीम
भारतीय महिला फुटबाल टीम की पहले मैच में शानदार जीत रही थी। उसके बाद दूसरे मैच में बांग्लादेश के साथ टीम हार गई थी। ऐसे में अब जिसके साथ भारतीय टीम हारी थी, उसी के साथ फाइनल में भिड़ेगी। यह भारतीय टीम के लिए काफी चुनौती रहेगी। वीरवार को शाम 5.30 बजे फाइनल मैच खेला जाएगा। फुटबाल कोच नरेंद्र कुमार की मानें तो नेहा ने पहला गोल 54 मिनट में तो दूसरा गोल 80 मिनट में किया है।