रोडवेज बसों से सफर करने वाले प्रतिदिन 18 हजार यात्रियों को प्रति किलोमीटर 10 पैसे अधिक खर्च करने होंगे। बस डिपो द्वारा बसों के लिए बढ़ाए गए किराये को शुक्रवार से लागू कर दिया गया है। अब शहर से विभिन्न जगहों पर जाने के जाने के लिए प्रति किलोमीटर 75 पैसे की बजाय प्रति किलोमीटर 85 पैसे का चार्ज लगेगा।
प्रति किलोमीटर 10 पैसे बढ़ने से अब हिसार से विभिन्न रूटों के यात्रियों को नौ रुपये से 25 रुपये तक अधिक देने होंगे। इसके अनुसार चंडीगढ़ जाने के लिए 25 रुपये अतिरिक्त किराया देना होगा। वहीं दिल्ली जाने के 20 रुपये अधिक खर्च करने होंगे।
चंडीगढ़ के लिए पहले 200 रुपये किराया लगता था वहीं अब यात्रियों को 225 रुपये देकर यात्रा करनी होगी। जबकि दिल्ली का किराया बढ़कर 135 रुपये की बजाय 155 रुपये देना होगा। इसी तरह से हिसार से पानीपत के लिए 120 की बजाय 135 तथा हिसार से अंबाला के लिए 150 की बजाय 170 रुपये किराया देना होगा।
कम से कम किराया होगा पांच रुपये
अब से हरियाणा रोडवेज की बसों में कम से कम किराया पांच रुपये लिया जाएगा। डिपो अधिकारियों के अनुसार पांच किलोमीटर तक कम से कम किराया पांच रुपये लिया जाएगा। तथा इसके अधिक किलोमीटर पर प्रति किलोमीटर के हिसाब से पहले की बजाय अब 10 पैसे अधिक खर्च करने होंगे।
बस डिपो की आमदनी में डेढ़ लाख की बढ़ोतरी
बसों का किराया बढ़ाए जाने से डिपों को टिकटों की बिक्री से अब डेढ़ लाख रुपये अधिक मिलेंगे। हिसार बस डिपो में कुल 224 बसें है। जिनमें टिकटों की बिक्री से प्रतिदिन 15 लाख के करीब आमदनी होती है। किराया बढ़ने से टिकटों की आमदनी बढ़कर 16.50 लाख रुपये तक पहुंच गई है।
बसों का किराया बढ़ाने के बावजूद बस डिपो अभी भी घाटे में ही जा रहा है। बसों के लिए बढ़ाए गए किराये को शुक्रवार से लागू किया गया है।
- खूबीराम कौशल, जीएम, बस डिपो हिसार