हांसी पटेल चौक का उद्घाटन करते हुए विधायक विनोद भयाना। संवाद
हांसी। विधायक विनोद भयाना ने रविवार को सिसाय पुल के समीप नवनिर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल चौक का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर चौक पर स्थापित लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की भव्य प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। चौक के निर्माण पर लगभग साढ़े 19 लाख रुपये की राशि व्यय की गई है, जबकि निर्माण कार्य करीब एक वर्ष में पूर्ण किया गया।
विधायक ने बताया कि चौक का निर्माण धौलपुर के आकर्षक एवं टिकाऊ पत्थर से किया गया है। चौक के चारों ओर चार तिरंगा लाइट पोल लगाए गए हैं जो रात्रि के समय चौक की भव्यता को और अधिक निखारते हैं। इसके साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से चारों ओर स्टील की मजबूत ग्रिल भी लगाई गई है।
उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल चौक के निर्माण से न केवल शहर की सुंदरता में वृद्धि होगी, बल्कि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी अधिक सुचारू बनेगी। सिसाय पुल के आसपास अक्सर ट्रैफिक का दबाव रहता है, ऐसे में सुव्यवस्थित चौक से यातायात नियंत्रण में उल्लेखनीय सहायता मिलेगी। कार्यक्रम में मार्केट कमेटी के उप प्रधान सुरजीत गुर्जर, विधायक के राजनीतिक सलाहकार दिनेश भूटानी, महंत सागर नाथ, विनोद सैनी, नवीन ठाकुर आदि उपस्थित रहे।
राष्ट्र एकता के प्रतीक थे सरदार पटेल :
विधायक ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल भारत ही नहीं, बल्कि विश्व की महान विभूतियों में से एक थे। आज़ादी के बाद उन्होंने सैकड़ों छोटी-बड़ी रियासतों को एक सूत्र में बांधकर अखंड भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उनका जीवन राष्ट्र एकता, दृढ़ संकल्प और निस्वार्थ देश सेवा की प्रेरक मिसाल है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों की प्रतिमाएं और स्मारक आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और एकता का संदेश देती रहेंगी।