हिसार। 12 क्वार्टर निवासी एक महिला ने तीन महिलाओं पर आरोप लगाया है कि उन्होंने सहमति संबंध के नाम पर उससे 50 हजार रुपये और गहने हड़प लिए। इस मामले में पीड़ित महिला ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को लिखित शिकायत भी दी है।
पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में पीड़िता कांता ने बताया कि उनका एक बेटा अजय दिव्यांग है, जो विवाहित है। अजय की पत्नी अपने मायके में रहती है और उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिन्हें पालना कांता के लिए काफी मुश्किल हो रहा है। कांता ने बताया कि एक दिन शिव नगर निवासी सुमन ने कहा कि वह उनके बेटे अजय के लिए किसी जरूरतमंद महिला को सहमति संबंध के रूप में रखवा सकती हैं, जो अजय और उसके बच्चों की जिम्मेदारी संभालेगी। इसके बदले में सुमन ने कांता से 50 हजार रुपये और एक जोड़ी चांदी की पाजेब की मांग की।
इसके बाद सुमन ने कांता की मुलाकात नीलम से करवाई। दोनों महिलाओं ने मिलकर कांता से 50 हजार रुपये ले लिए और उसे बिहार के बेतिया जिले की राजनंदिनी से मिलवाया। उसी दिन सुमन और नीलम ने अजय के साथ कोर्ट से सहमति संबंध में रहने के कागजात तैयार करवा लिए और राजनंदिनी को कांता के घर भेज दिया। करीब तीन महीने तक राजनंदिनी उनके घर रही। बाद में कांता को पता चला कि सुमन और नीलम पहले भी 10-12 जगह राजनंदिनी को रुपये लेकर सहमति संबंध के नाम पर भेज चुकी हैं।
24 दिसंबर को जब कांता किसी काम से बाजार गई तब राजनंदिनी मौके का फायदा उठाकर घर से चली गई। कांता ने उसकी तलाश की लेकिन सुराग नहीं लगा। कुछ दिनों बाद कांता ने उसे सुमन और नीलम के साथ न्यायालय परिसर में देखा। जब कांता ने विरोध किया, तो दोनों महिलाओं ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद कांता ने एसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।