Page No : 1नारनौंद के पास गांव धरने पर छात्राओं से बातचीत करते विधायक जस्सी पेटवाड़।
नारनौंद। बीते तीन दिन से कड़ाके की ठंड में खुशी नर्सिंग कॉलेज के बाहर धरने पर डटीं छात्राओं ने रविवार को प्रशासन को सोमवार तक का अल्टीमेटम दिया। छात्राओं ने अधिकारियों से दो टूक कहा कि कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई और किसी अन्य कॉलेज में उनका माइग्रेशन करने की मांग पर लिखित में सहमति देने पर ही वे धरने से उठेंगी। छात्राओं को मनाने के लिए पहुंचे डीसी व एसपी ने दो दौर की वार्ता की, लेकिन सिरे नहीं चढ़ी। उधर, छात्राओं के समर्थन में राजनीति भी गर्माने लगी है। विधायक जस्सी पेटवाड़ धरने पर पहुंचे और प्रशासन पर सवाल उठाए। वहीं, जुलाना विधायक विनेश फोगाट व इनेलो ने भी एक्स पर पोस्ट डालकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। धरने पर बैठीं छात्राओं ने कहा कि इंसाफ मिलने तक कॉलेज प्रबंधन के विरुद्ध संघर्ष जारी रहेगा। विधायक जस्सी ने कहा कि आरोप सही पाए गए हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। छात्राओं ने उन्हें बताया कि उन्हें लंबे समय से मूलभूत शैक्षणिक सुविधाओं से वंचित रखा जा रहा है। पढ़ाई के लिए पर्याप्त अध्यापक नहीं हैं। प्रशिक्षण और व्यावहारिक कार्य की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। सुरक्षा इंतजाम पर्याप्त नहीं है। कॉलेज संचालक शराब पीकर कमरे में आ जाते हैं। शौचालयों के दरवाजे टूटे हैं। कइयों की छत ही नहीं है। इन समस्याओं पर सवाल उठाए तो उन्हें दबाव में लेने, धमकाने और भविष्य खराब करने की चेतावनी तक दी गई। छात्राओं की बात सुनकर विधायक ने कॉलेज प्रबंधन के रवैये पर नाराजगी जताई। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर शीघ्र कार्रवाई करने को कहा। विधायक ने कहा कि जांच रिपोर्ट और शिकायतों के आधार पर तुरंत कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि छात्राओं का भविष्य सुरक्षित रहे।
उपायुक्त व एसपी ने की वार्ता
उपायुक्त महेंद्र पाल, एसपी शशांक कुमार सावन, नारनौद एसडीएम विकास कुमार मौके पर पहुंचे और छात्राओं से सुबह व शाम को दो दौर की बातचीत की। करीब डेढ़-डेढ़ घंटे चली वार्ता के बाद भी कोई नतीजा नहीं निकला। अधिकारियों ने धरना समाप्त कराने की कोशिश की, लेकिन छात्राएं आश्वासन के बजाय ठोस और समयबद्ध कार्रवाई की मांग पर अड़ी रहीं। अधिकारियों ने संस्थान की व्यवस्थाओं को प्रशासनिक नियंत्रण में लेकर सुधार करने, शिक्षकों की नियुक्ति सुनिश्चित करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का प्रस्ताव रखा। इस पर छात्राओं ने कहा कि लिखित निर्णय और ठोस कार्रवाई तक धरना जारी रहेगा। अधिकारियों ने कहा कि आप पुलिस को शिकायत दें, इसके बाद आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज होगी और गिरफ्तारी भी। इस पर छात्राओं ने कहा कि वे शिकायत देने को तैयार है। शाम को उन्होंने थाने में शिकायत भी दे दी, हालांकि देर रात तक किसी पर प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई थी।
सियासी गलियारों में हलचल बढ़ी
सवालों के घेरे में बेटियों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था
कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने नर्सिंग कॉलेज छात्राओं की ओर से लगाए गए आरोपों को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि ठंड में मुख्य गेट पर बैठकर प्रदर्शन करना छात्राओं की मजबूरी दर्शाता है, न कि राजनीतिक उद्देश्य। फोगाट ने इसे केवल कॉलेज का मामला न मानते हुए प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और बेटियों की सुरक्षा पर सवाल उठाया। उन्होंने निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच की मांग की।
कर्ण ने सत्ता पक्ष और विपक्ष की खामोशी पर उठाए सवाल
इनेलो नेता कर्ण चौटाला ने एक्स पर पोस्ट डालकर कहा कि बेटियां कड़ाके की ठंड में इंसाफ की मांग कर रही हैं और सत्ता पक्ष और विपक्ष खामोश हैं। आरोपों के बावजूद ठोस कार्रवाई न होना और निष्पक्ष जांच का भरोसा न देना संवेदनहीनता है।
बेटियों की सुरक्षा और सम्मान का मुद्दा: दिग्विजय
जेजेपी नेता दिग्विजय चौटाला ने छात्राओं के समर्थन में वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने कहा कि बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और भविष्य से जुड़ा यह मुद्दा गंभीर है और इसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने निष्पक्ष जांच और न्याय सुनिश्चित करने की मांग की।