सिवानी मंडी। श्री कृष्णा प्रणामी पब्लिक स्कूल में चल रही हरियाणा स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में शनिवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले गए। प्रदेश भर से पहुंचे लड़कों व लड़कियों ने रिंग में पंच का दम दिखाया। हरियाणा बॉक्सिंग संघ के सचिव रविंद्र पानू ने बताया कि 46 से 49 किलोग्राम भार वर्ग में हिसार की कोशिका ने रेवाड़ी की मुक्केबाज कोमल को 5-0 से हराया।
इसी वर्ग में पलवल की सोनम ने करनाल की महक को 3-2 से हराया। वहीं 49 से 52 किलोग्राम भारवर्ग में मेवात की प्रिंसी ने भिवानी की दीक्षा को 3-2 से हराया। इसी वर्ग में पानीपत की मुक्केबाज नविता ने कैथल की नैतिक को 5-0 से हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया। इसी वर्ग में अंबाला की नेहा ने भिवानी की बॉक्सर रीमा को 5-0 से हराया। 52 से 55 किलोग्राम भारवर्ग में हिसार की दिव्या ने कैथल की मानसी को 5-0 से हराया।
वहीं 31 से 33 किलोग्राम भारवर्ग में रोहतक की नीयती ने फरीदाबाद की अंकिता को हराया। 33 से 35 किलोग्राम भारवर्ग में हिसार की हंशिका ने रेवाड़ी की बॉक्सर रितिका को 5-0 से हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया। 35 से 37 किलोग्राम भारवर्ग में गुरुग्राम की सिया ने कैथल की अनु को 4-1 से हराया।
चैंपियनशिप में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी व उद्योगपति बाबूलाल जिंदल पहुंचे और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। उनके साथ यूथ वर्ल्ड चैंपियन ज्योति गुलिया, शिक्षा नरवाल, एशियन चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा ने शिरकत की और मुक्केबाजों का हौसला बढ़ाया। इस मौके पर आयोजक राकेश केडिया, रविंद्र केडिया, सत्यनारायण, भागीरथ जांगड़ा, राजबीर बैनीवाल, रिंकू तनेजा, रामनिवास गोयल, प्रणव गोयल, मनोज, विजेंद्र फौगाट आदि मौजूद रहे।