हिसार। रामलीला मंचन के लिए तैयारियां शुरू हो चुकी है। वहीं रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले बनाने भी शुरू कर दिए गए हैं। इस बार सिवानी में 70 फीट तो हिसार के गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में 55 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा।
सिवानी में पिछले साल 64 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन हुआ था। मगर इस बार 6 फीट कद बढ़ाया गया है। इन पुतलों में रंग-बिरंगी आतिशबाजी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। वहीं, पुराना गवर्नमेंट मैदान में श्री रामलीला कमेटी कटला की ओर से 22 सितंबर से रामलीला का मंचन किया जाएगा। रामलीला में वृंदावन के कलाकार मंचन करेंगे। इसको लेकर मैदान में तैयारियां शुरू हो चुकी है।
पारिजात चौक से लेकर रामलीला मैदान तक लड़ियां लगाई गई हैं। वहीं, विद्युत नगर में श्री बद्री केदार रामलीला समिति की ओर से 23 सितंबर से रामलीला दिखाई जाएगी। इसी प्रकार मुलतानी चौक स्थित पार्क में श्री नृसिंह प्रह्लाद रामलीला दशहरा सभा की ओर से 22 सितंबर से बड़े पर्दें में रामलीला दिखाई जाएगी
रंग-बिरंगी लाइटों के साथ आतिशबाजी की जाएगी
पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के दहन से पहले दर्शकों के लिए आकाश में पैराशूट आकर्षण का केंद्र बनेंगे। रंग-बिरंगी लाइटों के साथ आतिशबाजी की जाएगी। आतिशबाजी देखने के लिए आसपास के गांवों से भी लोग पहुंचते हैं। मैदान लोगों से खचाखच भर जाता है। भीड़ इतनी होती है कि काफी लोग तो बाहर खड़े होकर आतिशबाजी और दहन देखते है।
छह कारीगर बना रहे पुतले
पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में दहन होने वाले रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों को अनुज शर्मा और उनकी टीम बना रही है। पुतले बनाने के लिए छह कारीगर लगे हुए हैं। अनुज के पास पांच पुतले बनाने का ऑर्डर आया है। इसी प्रकार सिवानी में पुतले तैयार कर रहे कारीगर मुंशी ने बताया कि उन्हें पांच पुतले बनाने का ऑर्डर मिला है। तीन पुतले विद्युत नगर, 1 पुतला सिवानी, 1 पुतला बड़वा में जाएगा।
कहां कितने फीट ऊंचे पुतलों का होगा दहन
पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान
रावण: 55 फीट
कुंभकर्ण: 50 फीट
मेघनाद: 50 फीट
विद्युत नगर स्थित रामलीला मैदान
रावण: 45 फीट
कुंभकर्ण: 40 फीट
मेघनाद: 40 फीट
नई सब्जी मंडी
रावण: 45
कुंभकर्ण: 40
मेघनाद: 38
सिवानी में रावण: 70 फीट
बड़वा में रावण: 40 फीट
22 सितंबर से रामलीला शुरू होगी। पुराना गवर्नमेंट कॉलेज मैदान में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। दशहरा पर पुतलों में आतिशबाजी लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी।
- एनके गोयल, प्रशासक, श्री रामलीला कमेटी कटला