नारनौंद। गांव राखी शाहपुर में पारिवारिक विवाद के चलते युवक पर उसके ताऊ ने हमला कर दिया। घायल अजय (28) को गंभीर हालत में पहले नारनौंद के नागरिक अस्पताल, अग्रोहा के मेडिकल कॉलेज फिर हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल में उपचाराधीन राखी शाहपुर निवासी अजय ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह गवर्नमेंट कॉलेज जींद में बीसीए प्रथम वर्ष का छात्र है। 19 जुलाई को वह अपने मौसेरे भाई विशाल के साथ स्कूटी पर खेत की ओर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में उसके ताऊ सुरेश ने रोक लिया और विशाल के साथ आने पर आपत्ति जताई। जब उसने ताऊ को समझाने का प्रयास किया तो वे तैश में आ गए। इसके बाद सुरेश ने अपने भाई रणबीर को आवाज लगाकर लाठी लाने को कहा। ताई प्रमिला लाठी लेकर आई। बाद में तीनों ने मिलकर अजय और विशाल को बुरी तरह पीटा।
घटना के बाद अजय की मां व विशाल उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे। नागरिक अस्पताल नारनौंद में प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया। हिसार के निजी अस्पताल के डॉक्टरों की रिपोर्ट के अनुसार अजय के सिर में गंभीर चोट आई है, जो ब्लंट ऑब्जेक्ट से हुई है। जांच अधिकारी एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि अजय के बयान पर सुरेश, रणबीर व प्रमिला के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।