हिसार। लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा विश्वविद्यालय टीचिंग एसोसिएशन (लुवास्ता) की आम सभा मंगलवार को प्रधान डॉ. अशोक मलिक की अध्यक्षता में हुई। बैठक में लुवास में स्थायी कुलपति नियुक्त करने और प्रोफेसरों के रिक्त पदों पर भर्ती की मांग की गई। इन मांगों के लिए लुवास्ता का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एवं मुख्य सचिव से मिलेगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉक्टर अशोक मलिक, उपाध्यक्ष डॉ. गौरव गुप्ता, सचिव डॉ. अमित पूनिया ने कहा कि विश्वविद्यालय के सुचारू संचालन के लिए स्थायी कुलपति की नियुक्ति अत्यंत आवश्यक है। विश्वविद्यालय में प्राध्यापकों के आधे से ज्यादा पद खाली पड़े हैं। इन पदों पर तुरंत स्थायी नियुक्ति की जानी चाहिए। प्राध्यापकों ने लुवास में भी राज्य के अन्य विश्वविद्यालय और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद की तरह 5 दिन का सप्ताह लागू करने का प्रस्ताव पारित किया।
बैठक में विश्वविद्यालय स्तर पर पिछले 3 वर्षों से लंबित पदोन्नतियों , 2019 बैच की नियुक्तियों के रुके प्रमोशन देने पर भी मंथन किया गया। प्रमोशन में बिलंब होने से हो रहे नुकसान का सवाल भी उठाया गया। शिक्षकों ने विश्वविद्यालय में केंद्र सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार छोटे बच्चों के लिए क्रेच की स्थापना की मांग रखी। अगले सप्ताह इस बारे में रूपरेखा तैयार की जाएगी। बैठक में सचिव डॉ. अमित पूनिया को मांग-पत्र तैयार करके प्रशासन से समय लेने के लिए अधिकृत किया गया है। सह सचिव डॉ. सुशील कुमार ने सभी प्राध्यापकों धन्यवाद किया।