गांव चिकनवास में सड़क हादसे में पांच लोगों की जानें ओवरटेक के कारण चली गईं। गाड़ी हिमांशु चला रहा था। दिल्ली फाजिल्का नेशनल हाईवे पर हिसार से सिरसा जा रही इंडिगो तेजी से जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि अचानक गाड़ी सामने से आ रहे कैंटर के नीचे घुस गई। आगे-पीछे जा रहे वाहन चालकों को अचानक जोर का धमाका सुना।
धमाके के साथ इंडिगो की छत फट गई और कंडक्टर साइड की खिड़कियां टूट गईं। कोर्ट कॉलोनी सिरसा निवासी परिवार के छह लोग राजरानी, दीपिका, हरबंस, मोहित, लक्ष्य और चरनजीत को मौके पर मौजूद राहगीरों ने निकाल लिया, लेकिन चालक गाड़ी में ही फंसा रहा।
हादसे में पिता चरणजीत और पुत्र लक्ष्य तो बच गए, लेकिन उनका पूरा परिवार खत्म हो गया। हादसे में चरणजीत के भाई का भी इकलौता बेटा मारा गया।
हिसार और सिरसा में छाया मातम
हिसार के जवाहर नगर निवासी मोहित दो बहनों का इकलौता भाई था। वह ग्रेजुएशन कर रहा था। पिता सुरेश बांगा जवाहर नगर में ही सब्जी का कारोबार करते हैं।
जैसे ही मोहल्ले में मोहित की मौत की खबर पहुंची तो पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। उधर, सिरसा में भी हिमांशु, मां राजरानी, दादा हरबंस, बहन दीपिका की मौत की सूचना पर ऐसी ही स्थिति रही।
कोर्ट कॉलोनी सिरसा में रह रहे सुरेश बांगा के भाई चरणजीत के घर एक साथ चार लोगों की मौत से मातम छा गया।
मां का रो-रोकर था बुरा हाल
मोहित अपने चचेरे भाई-बहनों के साथ सिरसा जा रहा था। पूरा परिवार चरणजीत के साले इंद्रजीत के घर रात को हुए जागरण से लौटकर भाई सुरेश के घर जवाहर नगर आया।
करीब साढ़े तीन बजे वहां से मोहित को लेकर वे सिरसा के लिए निकल लिए। घर में आने जाने वालों का तांता लग गया।
मां बिलख-बिलखकर रोते हुए कह रही थी कि मेरे मोहित को बुला दो। बहनें भी भाई के मरने की खबर सुनकर बेहोश हो गईं। आस-पड़ोस की महिलाएं उन्हें ढांढस बंधा रही थीं।
20 मिनट फंसा रहा हिमांशु, खिड़कियां तोड़कर निकाला
प्रत्यक्षदर्शी खेड़ी बर्की निवासी महेंद्र ने बताया कि वह अग्रोहा अपनी मौसी के यहां से आया था। हादसा उसकी आंखों के सामने हुआ। हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
इंडिगो गाड़ी अचानक कैंटर के नीचे जा घुसी। जोर का धमाका हुआ और उसमें बैठी सवारियां चिल्लाईं। रोड से गुजर रहे वाहन रुके और उनमें बैठे लोगाें ने कुछ को निकला, लेकिन चालक उसमें ही फंसा रहा।
करीब 20 मिनट बाद एंबुलेंस की गाड़ी और पुलिस मौके पर पहुंची। रॉड से खिड़कियां तोड़कर चालक को बाहर निकाला। मौके पर ही दो लोगों की मौत हो चुकी थी और तीन ने रास्ते में दम तोड़ दिया।