हिसार। शहर के आजाद नगर में बाइक सवार दो युवकों ने एक महिला से फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने महिला की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गीता कालोनी निवासी बबली ने बताया कि 31 जनवरी की शाम लगभग 6 बजकर 40 मिनट पर वह आजाद नगर मार्केट से वापस लौट रही थी। तभी पीछे से बाइक पर सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर उसका फोन छीन लिया। महिला ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश मौके से भाग चुके थे।
बबली ने अपनी शिकायत में यह भी बताया कि उसके साथ उसका पांच साल का बेटा भी था, जिससे उसे अपने बच्चे की सुरक्षा को लेकर गंभीर खतरा महसूस हुआ। जांच अधिकारी एएसआई महीपाल ने बताया कि घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।