हिसार- बीकानेर मिष्ठान भंडार में जांच करते संयुक्त टीम।
हिसार। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने आजाद नगर में बीकानेर मिष्ठान भंडार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मिठाइयों के सैंपल भरे गए। जांच में सामने आया कि बीकानेर मिष्ठान भंडार से बरामद 10 किलोग्राम इमरती, 15 किलोग्राम जलेबी, 5 किलोग्राम घेवर खाने लायक नहीं था, जिसे टीम ने गड्ढा खोदकर नष्ट करवा दिया। इसके अलावा मंगाली झारा गांव में बालाजी मिष्ठान भंडार से खराब 50 किलोग्राम पनीर, 50 किलोग्राम रसगुल्ले को नष्ट कराया।
टीम में शामिल सहायक उप निरीक्षक कुलदीप, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डाॅ. योगेश कादयान ने शुक्रवार को बालाजी मिष्ठान भंडार पर पहुंची। दुकान मालिक गांव किरढ़ान निवासी राकेश मौके पर मिला। दुकान में गंदगी फैली थी। इस दौरान 345 किलोग्राम रसगुल्ला, 70 किलोग्राम पनीर, 240 किलोग्राम गुलाब जामुन, 70 किलोग्राम लड्डू बरामद हुए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने रसगुल्ला व पनीर के चार-चार सैंपल लिए। खाने लायक मिठाई न मिलने पर उसे नष्ट करा दिया।
इसके बाद टीम आजाद नगर स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार पर पहुंची। दुकान मालिक सुरेंद्र शर्मा दुकान पर मिले। दुकान में 25 किलोग्राम पेड़ा, 10 किलोग्राम इमरती, 50 किलोग्राम लड्डू , 15 किलोग्राम गुलाब जामुन, 20 किलोग्राम पेठा, 50 किलोग्राम रसगुल्ला मिले। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने पेड़ा व इमरती के 4-4 सैंपल भरे। सभी सैंपल को जांच के लिए लैब में भेज दिया है।