हिसार। उच्चतर शिक्षा विभाग ने कॉलेजों में दाखिलों के लिए शनिवार को पहली आधी-अधूरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है। हालांकि इसमें बड़ी खामियां नजर आईं। विभाग की ओर से जारी मेरिट लिस्ट में केवल विद्यार्थी द्वारा भरी गई पहली पसंद के कॉलेज को ही शामिल किया गया। जबकि विद्यार्थियों ने पसंद के आधार पर पांच कॉलेज आवेदन में भरे थे। विद्यार्थी दिनभर कॉलेजों में फोन करके नाम नहीं आने की शिकायत करते नजर आए।
कॉलेज शिक्षकों ने बताया कि अगर विद्यार्थी का नाम पहली पसंद वाले कॉलेज में नहीं आया, तो दूसरी पसंद के कॉलेज में शामिल करने के बजाय उसे बिलकुल बाहर कर दिया गया है। जबकि कायदे से पहली या दूसरी पसंद नहीं मिलने पर तीसरी-चौथी पसंद के कॉलेज की मेरिट में नाम आना चाहिए था। शनिवार को बड़ी संख्या में विद्यार्थी किसी भी कॉलेज में मेरिट में नाम नहीं आने के कारण परेशान रहे। कई कॉलेजों में एससी-बीसी सहित कई श्रेणियों की मेरिट में किसी बच्चे का नाम ही नहीं मिला। वहीं, देर शाम तक भी कई कॉलेजों की बीए की मेरिट सूची जारी नहीं हो पाई थी।
राजकीय कॉलेज में बीकॉम ऑनर्स में मेरिट 109 प्रतिशत
राजकीय पीजी कॉलेज में बीकॉम प्रथम में ऑल इंडिया ओपन श्रेणी में कट ऑफ लिस्ट उच्चतम 108.2 फीसदी और न्यूनतम 105.2 प्रतिशत रही। हरियाणा ओपन सामान्य वर्ग में उच्चतम 105.2 फीसदी व न्यूनतम 101.8% रही। बीकॉम ऑनर्स प्रथम में आल इंडिया ओपन श्रेणी में कट ऑफ लिस्ट 109 प्रतिशत और न्यूनतम 105.6 प्रतिशत रही। बीएससी मेडिकल प्रथम में आल इंडिया ओपन श्रेणी में कट ऑफ लिस्ट उच्चतम 104 प्रतिशत और न्यूनतम 102 प्रतिशत रही। बीएससी नॉन मेडिकल प्रथम में आल इंडिया ओपन केटेगरी में कट ऑफ लिस्ट उच्चतम 104 और न्यूनतम 102.2 प्रतिशत, बीए ऑनर्स अंग्रेजी में ऑल इंडिया ओपन श्रेणी कट ऑफ लिस्ट उच्चतम 103 और न्यूनतम 101.4 प्रतिशत रही। बीए ऑनर्स इकोनॉमिक्स प्रथम में आल इंडिया ओपन केटेगरी में कट ऑफ लिस्ट उच्चतम 104 प्रतिशत और न्यूनतम 101.2 प्रतिशत रही। बीए ऑनर्स भूगोल प्रथम में आल इंडिया ओपन केटेगरी में कट ऑफ लिस्ट उच्चतम 103.2 प्रतिशत और न्यूनतम 102 प्रतिशत रही।
महिला कॉलेज में बीकॉम की मेरिट 109 प्रतिशत
दिल्ली रोड स्थित राजकीय महिला कॉलेज में बीकॉम की ऑल इंडिया ओपन कैटेगरी में उच्चतम मेरिट सबसे अधिक 109 प्रतिशत रही। कॉलेज में बीएससी मेडिकल, बीए ज्योग्रॉफी, बीएससी नॉन मेडिकल व बीकॉम कोर्सों मेें ऑल इंडिया ओपन कैटेगरी में 100 प्रतिशत से कम अंक वालों को प्रथम मेरिट में दाखिला नहीं मिला।
74 फीसदी से कम वाले सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों को नहीं मिला दाखिला
पहली मेरिट सूची में एफसी कॉलेज में बायो टेक्नोलॉजी व बीकॉम को छोड़कर किसी भी कोर्स में 74 प्रतिशत से कम वाले सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों का दाखिला नहीं होगा। यहां सबसे ऊंची मेरिट बीकॉम की 108 प्रतिशत रही है। तोशाम रोड स्थित इंपीरियल कॉलेज में बीकॉम की ऑल इंडिया जनरल श्रेणी की उच्चतम मेरिट 105.2 प्रतिशत रही। दयानंद कॉलेज में बीकॉम की ऑल इंडिया जनरल की उच्चतम मेरिट 106.6 और छाजू राम जाट मेमोरियल कॉलेज में 107.2 प्रतिशत रही।
कॉलेज में आरक्षित श्रेणी के विद्यार्थियों की मेरिट लिस्ट में किसी का नाम नहीं है। कुछ विद्यार्थी कह रहे हैं कि हमारा कॉलेज उनकी दूसरी पसंद था, लेकिन मेरिट में नाम नहीं आया। विद्यार्थी कॉलेज पहुंचने लगे हैं और हमने डीएचई को इसकी सूचना भेज दी है। - डॉ. राजेश कुमार, एडमिशन नोडल ऑफिसर, जाट कॉलेज
जिन विद्यार्थियों ने पहली पसंद का कॉलेज भरा था और उसमें उनका दाखिला नहीं हो पाया, तो उनका नाम दूसरी या तीसरी पसंद के कॉलेज में भी नहीं आया है। विद्यार्थी फोन पर फोन कर रहे हैं, मेरिट लिस्ट में कई गंभीर खामियां हैं। - डॉ. सुरेंद्र सिंगला, प्राचार्य, इंपीरियल कॉलेज