हिसार। सनसिटी मॉल के होटल के कमरे में राजस्थान के रहने वाले जयप्रकाश द्वारा आत्महत्या करने के मामले में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस ने बिड़ासरा निवासी रोहताश और अजीतपुरा निवासी भजनलाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है। मृतक की पत्नी मंजू ने इस संबंध में पुलिस थाना में शिकायत दी है।
5 से 7 लाख रुपये ठगने का आरोप
शिकायत में हनुमानगढ़ जिले के गांव सांगड़ की रहने वाली मंजू ने बताया कि पति जयप्रकाश अजीतपुरा में डायग्नोस्टिक लैब चलाता था और मेरा जेठ विष्णु सूर्या अस्पताल सिवानी में लैब चलाता है। पति काफी दिनों से परेशान था। उसने बताया कि बिड़ासरा का रोहताश और अजीतपुरा का भजनलाल दोनों उसे परेशान करते हैं और कहते हैं कि हम तुझे किसी केस में फंसवाकर तेरी लैब बंद करवा देंगे। 9 मई को मेरी बुआ प्रेम देवी के बेटे की शादी चैनपुरा में थी। जिसके चलते मैं 1 मई को चैनपुरा चली गई थी। नौ मई को पति भी शादी में शरीक होने आया था। अगले दिन पति यह कह कर वहां से चला गया कि वह लैब पर जा रहा है। 12 मई को पति का फोन आया और कहा कि मैं काफी परेशान हूं। रोहताश और भजनलाल ने 5 से 7 लाख रुपये लिए हुए हैं और अब लैब बंद करवाने की बात कह रहे हैं। इन दोनों से परेशान होकर सल्फास खा रहा हूं। परिजन जब हिसार पहुंचे तो उपचार के दौरान उनकी मौत हो चुकी थी। पति की मौत का समाचार सुनने के बाद सदमे में चली गई थी। अब इस संबंध में पुलिस में शिकायत दी। मामले की जांच कर रहे एएसआई जगदीश कुमार ने बताया कि मंजू की शिकायत पर रोहताश और भजनलाल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।